
चेकिंग के दौरान बोली सूबेदार - मैं मंत्री आरिफ अकील की भतीजी हूं, सस्पेंड कराकर दिखाओ
इंदौर. एयरपोर्ट के सामने पुलिस चेकिंग के दौरान रविवार सुबह विवाद की स्थिति बन गई। सूबेदार उज्मा खान सिपाही आशीष सोनी व अन्य के साथ चेकिंग कर रही थीं। उन्होंने दोपहिया वाहन चालक का हेलमेट नहीं होने पर चालान बनाया तो उसने फोन कर कांग्रेस नेता देवेंद्रसिंह यादव को बुलाया।
यादव सुबह 11 बजे समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस यहां 2-3 महीने से वाहन चालकों को रोककर अवैध वसूली कर रहे हैं। लोगों की शिकायत पर गया तो पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की। सूबेदार ने खुद को मंत्री आरिफ अकील की भतीजी बताया। मैंने अकील से बात की तो उन्होंने सूबेदार के रिश्तेदार होने से इनकार कर दिया। इस दौरान कई वाहन चालकों ने भी पुलिस को घेरने का प्रयास किया, नारेबाजी भी की।
विवाद के वायरल वीडियो में सूबेदार यादव से कह रही हैं, आप सस्पेंड कराने की धमकी दे रहे हो। मैं आरिफ अकील की भतीजी हूं, सस्पेंड कराकर दिखाओ। यादव ने एएसपी रणजीतसिंह देवके को शिकायत की तो उन्होंने डीएसपी हरिसिंह रघुवंशी को मौके पर भेजा, जिसके बाद विवाद शांत हुआ। वहीं सूबेदार उज्मा खान का कहना है, चेकिंग के दौरान कुछ गलतफहमी हो गई थी, जिसके कारण यादव पहुंचे थे। दुव्र्यवहार व वसूली वाली बात गलत है। मैंने आरिफ अकील का नाम भी नहीं लिया।
Published on:
09 Sept 2019 11:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
