
इंदौर. खुड़ैल थाना क्षेत्र के पिवड़ाय रोड पर अचानक ब्रेक फेल होने से स्कूल बस की चपेट में बकरी का बच्चा आ गया। उसकी मौत से गुस्साए लोगों ने बस में बच्चे होने के बावजूद उस पर पथराव शुरू कर दिया। इससे नौ बच्चों को चोट आई, जिन्हें एमवाय अस्पताल लाया गया। घटना के बाद बच्चों के अभिभावकों ने थाने पर हंगामा किया।
काजी पलासिया पर शनिवार सुबह सोनी इंटरनेशनल स्कूल की बस की चपेट में आकर बकरी के बच्चे की मौत होने पर लोगों ने काफी हंगामा किया। आसपास के लोग इक_ा हो गए और स्कूली बस पर पथराव करने लगे। बस में सवार छोटे बच्चे घबराकर रोने लगे। कांच फूटने से कुछ बच्चों को चोट आई। जानकारी मिलने पर खुड़ैल थाने की मोबाइल वैन मौके पर पहुंची। इसके बाद डॉयल १०० गाड़ी व थाने का और भी स्टाफ पहुंचा। घटना स्थल से थाना महज ८०० मीटर की दूरी पर है। पुलिस ने लोगों को समझाकर अलग किया। वे स्कूल बस ड्राइवर मुकेश कुशवाह के साथ झूमाझटकी कर रहे थे। स्कूल बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में पथराव करने वाले कैद हो गए।
पत्रिका व्यू- सख्त कार्रवाई हो
गनीमत है कि घटना में किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन ऐसी घटनाओं में भीड़ तंत्र द्वारा कानून हाथ में लेने की बढ़ती प्रवृति को देखते हुए पुलिस को दोषियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए नजीर पेश करना चाहिए। बस में तकनीकी गड़बड़ आने से यदि यह घटना हुई तो आरटीओ को जांच कर स्कूल प्रबंधन की लापरवाही भी उजागर करते हुए उन पर भी कार्रवाई की जाना चाहिए।
40 बच्चे थे सवार
बस में करीब 40 स्कूली बच्चे सवार थे। पथराव में अनुराग (12) पिता राजकुमार, मयंक (13) पिता बलराम, सुजन (12) पिता राहुल, आयुष (14) पिता शेखर, राघव (10) पिता धर्मेंद्र, निहारिका (6) पिता विवेक, नवीन (11) पिता शेखर, निधि (6) पिता जीतू व आयुष (14) को चोट आई। पुलिस इन्हें लेकर एमवाय अस्पताल पहुंची।
घटना की जानकारी मिलने पर बच्चों के परिजन भी खुड़ैल थाने पर पहुंचे और काफी हंगामा किया। प्रभारी टीआइ सुंदरलाल पटेल ने बताया, बस ड्राइवर मुकेश कुशवाह की रिपोर्ट पर रिजवान, रफीक, शकील, रशीद, आरिफ, शाकिर, हकीम, नईम, नासिर, जावेद, नौशाद, मेहमूद, अल्पेश के खिलाफ केस दर्ज कर आठ लोगों को गिरफ्तार भी किया है। वहीं हकीम की रिपोर्ट पर बस ड्राइवर मुकेश कुशवाह के खिलाफ केस दर्ज किया है।
Updated on:
3 Mar 2019, 1:25 PM IST
Published on:
3 Mar 2019, 1:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.