
चिट्ठी के जरिए डॉन की धमकी- टीवी अभिनेेत्री का शो कराया तो मार दूंगा गोली
इंदौर. टीवी अभिनेत्री का शो आयोजित करने वाले इवेंट से जुड़े व्यक्ति को धमकी भरा पत्र मिला। पत्र आसिफ लाला डान के नाम से लिखा है। इसमें कहा गया है है, शो आयोजित किया तो शूटर गोली मार देंगेे। भंवरकुआं टीआइ शशिकांत चौरसिया के मुताबिक, आशीष गोयल निवासी अग्रवाल नगर की शिकायत पर अज्ञात आरोपी पर केस दर्ज किया है। फरियादी ने पुलिस को बताया, उन्हेें कोरियर के जरिए पत्र मिला। पत्र में आसिफ लाला डान के नाम से धमकाया गया था। फरियादी पिछले दिनों टीवी अभिनेत्री रश्मि देसाई के शो के इवेंट से जुड़े थे।
शो कराया तो शूटर गोली मार देंगे
शो होने के अगले दिन उन्हें पत्र मिला, जिसमें लिखा था शो कराया तो शूटर गोली मार देंगे। फरियादी ने अफसरों को शिकायत की, जिसके आधार पर केस दर्ज हुआ। जिस कोरियर कंपनी द्वारा पत्र पहुंचाया गया, पुलिस ने वहां जाकर सीसीटीवी की जांच की। 3 सितंबर को एक युवती वहां पत्र कोरियर करने पहुंची थी। वह मुंह पर कपड़ा बांंधे हुए थी, लेकिन एक कैमरे में उसका चेहरा नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
दहशत में है फरियादी
आसिफ लाला डाॅन के नाम से मिली चिट्ठी के बाद फरियादी दहशत में है। उसने पुलिस को बताया कि जब से यह पत्र मिला है, तब से वह और उनका परिवार सहमा हुआ है। फरियादी ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है।
युवती को उठाकर ले जाने की धमकी
इधर, राजेंद्रनगर पुलिस ने 22 वर्षीय युवती को मोबाइल पर फोन कर उठाकर ले जाने की धमकी देने के मामले में केस दर्ज किया है। टीआइ मनीष डाबर के मुताबिक, युवती को आरोपी नागेश खत्री के नाम से फोन आया था और उसने उठाकर ले जाने की धमकी दी। पुलिस मोबाइल नंबर से आरोपी की तलाश कर रही है।
Published on:
9 Sep 2022, 1:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.