इंदौर. राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के राजरानी नगर में पड़ोसियों के बीच मारपीट हो गई। उधार के रुपयों के लिए हुए विवाद में एक पक्ष ने पत्थर से हमला किया तो दूसरे पक्ष ने चाकू से हमला कर दिया। इस मारपीट में तीन लोग घायल हो गए।
मनीष बड़ोनिया (24) निवासी मालवीय नगर की शिकायत पर अशोक यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है। उसका आरोप है कि बीच में बोलने की बात को लेकर आरोपी ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर चाकू मार दिया। जब साथी दिलावर बचाव करने के लिए आया तो उसके गाल पर चाकू मार दिया। वहीं दूसरे पक्ष से नीतू यादव निवासी राजरानी कॉलोनी की शिकायत पर वहीं रहने वाले दीपक सोलंकी, रोहित भाटी, मनीष बड़ोनिया, दिलावर कोचले के खिलाफ केस दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि देवर के उधारी के पैसों के लेन-देन की बात को लेकर गाली-गलौज किया। विरोध करने पर पत्थर मारकर घायल कर दिया।