इंदौर. ट्रेन में सफर के दौरान आप अनुभव करते होंगे कि पंखा बंद है, मच्छर काट रहे हैं, कांच टूटा होगा। आप लोग सोचते होंगे कि रेलवे वाले काम नहीं करते, मैं दो-चार बार बोल चुका। लेकिन निजी हो या सरकारी सेक्टर, अधिकांश कर्मचारी अपना काम गंभीरता से करते हैं। अगर शिकायत मिलती है तो काम होता है। लेकिन पहले समस्या होने पर यात्रा खत्म होने के बाद ही स्टेशन पहुंचकर शिकायत कर पाते थे।
शिकायत केंद्र तक पहुंचने में काफी देर हो जाती, इस दौरान ट्रेन काफी दूर चली जाती है। डिपो पर जाने के बाद ही इसमें सुधार हो पाता था, लेकिन हमने सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया। ट्वीट कीजिए, पीएनआर नंबर बताइए, समस्या हल हो जाएगी। लोगों ने ट्वीट किया, हमने तत्काल एक्शन लेना शुरू कर दिया। जो हमारा काम नहीं था वह भी किया। किसी ने कहा- दूध नहीं है, हमने दूध पिलाया। दूध के बदले में पैसे दे रहे थे तो डीआरएम ने कहा, कैसे आदमी हो बच्चे के दूध का पैसा लूंगा क्या। वाउचर सबमिट नहीं किया। हम उन्हें पैसेंजर नहीं, बल्कि कस्टमर समझते हैं। ये बात रेलवे सूचना प्रसारण प्रणाली केंद्र के गवर्निंग काउंसिल मेंबर विनीत गोयनका ने कही। वे इंदौर मैनेजमेंट एसोसिएशन के ५५वें फाउंडेशन डे पर रेलवे में हुए डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन पर बोल रहे थे।