लंदन। फेसबुक के डेटा शेयरिंग स्कैंडल में नाम आने के बाद ब्रिटेन स्थित पॉलिटिकल कंसल्टेंसी कंपनी कैम्ब्रिज एनालिटिका कारोबार बंद कर रही है। कंपनी पर अपने राजनीतिक क्लाइंट्स की ओर से अनुचित तरीके से निजी जानकारियां हासिल करने का आरोप है। फेसबुक के मुताबिक, एक क्विज एप के जरिए 8.7 करोड़ लोगों के डेटा हासिल किए गए और बाद में इन्हें राजनीतिक कंसल्टेंसी को सौंप दिया गया। बीबीसी के मुताबिक, फेसबुक का कहना है इस मामले में उनकी जांच जारी रहेगी। फेसबुक के प्रवक्ता ने कहा, "इससे असल में क्या हुआ था, यह समझने के लिए हमारी प्रतिबद्धता और दृढ़ता में कोई बदलाव नहीं होगा और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि इस तरह की घटना दोबारा नहीं हो।" उन्होंने कहा, "हम जांच के लिए संबद्ध प्रशासन के साथ सहयोग देना जारी रखेंगे।"