
मोबाइल फोन विनिर्माण से 4 लाख युवाओं को रोजगार मिला: मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि डिजिटल प्रौद्योगिकी लोगों के जीवन को सरल बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और इसके कारण सेवाओं की उपलब्धता तेज तथा पारदर्शी हुई है। नोएडा के सेक्टर 81 में दक्षिण कोरियाई कंपनी सैमसंग के स्मार्टफोन विनिर्माण के विस्तारित संयंत्र के उद्घाटन के मौके पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज डिजिटल प्रौद्योगिकी सामान्य नागरिक के जीवन को सरल बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। देश में लगभग 40 करोड़ स्मार्टफोन उपयोग में हैं, 32 करोड़ लोग ब्रॉडबैंड का इस्तेमाल कर रहे हैं, बहुत कम दर पर इंटरनेट डाटा उपलब्ध है। देश की एक लाख से अधिक ग्राम पंचायतों तक फाइबर नेटवर्क पहुंच चुका है। ये सारी बातें देश में हो रही डिजिटल क्रांति का संकेत हैं।
डिजिटल क्रांति से पारदर्शी सेवा उपलब्ध हुई
पीएम मोदी ने कहा कि सस्ते मोबाइल फोन, तेज इंटरनेट और सस्ते डाटा के कारण आज तेज एवं पारदर्शी सेवा उपलब्धता सुनिश्चित हुई है। बिजली-पानी का बिल भरना हो, स्कूल-कॉलेज में दाखिला लेना हो, भविष्य निधि हो या पेंशन, लगभग हर सुविधा ऑनलाइन मिल रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में फैले लगभग तीन लाख कॉमन सेवा केंद्र ग्रामीण आबादी की सेवा में काम कर रहे हैं। शहरों में नि:शुल्क वाईफाई हॉटस्पॉट गरीब तथा मध्यम वर्गीय युवाओं की आकांक्षाओं को नई उड़ान दे रहे हैं। इतना ही नहीं गवर्नमेंट ई-मार्केट के जरिए सरकार अब सीधे उत्पादकों से सामान की खरीदारी कर रही है। इससे मझौले और छोटे उद्यमियों को लाभ हुआ है और सरकारी खरीददारी में पारदर्शिता बढ़ी है।
भीम एप और रूपे कार्ड से लेनदेन बढ़ा
मोदी ने कहा कि डिजिटल प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल निरंतर बढ़ रहा है। भीम एप और रूपे कार्ड से लेन-देन बेहद आसान हुआ है। गत जून महीने में ही लगभग 41 हजार करोड़ रुपए का लेनदेन भीम एप से हुआ है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन देश के नागरिकों के सशक्तीकरण में योगदान तो देगा ही ‘मेक इन इंडिया’ की मुहिम को गति भी देगा। भारत को विनिर्माण का वैश्विक हब बनाने की दिशा में यह अवसर बहुत विशेष है। पांच हजार करोड़ रुपए का यह निवेश न सिर्फ सैमसंग के भारत में व्यापारिक रिश्तों को मजबूत बनाएगा, बल्कि भारत और दक्षिण कोरिया के संबंधों के लिए भी अहम सिद्ध होगा।
मेक इन इंडिया से करीब आए भारत-दक्षिण कोरिया
प्रधानमंत्री ने कहा कि मेक इन इंडिया के प्रति भारत का आग्रह सिर्फ एक आर्थिक नीति का हिस्सा भर नहीं है, यह कोरिया जैसे हमारे मित्र देशों के साथ रिश्तों का भी शुभ संकल्प है। यह दुनिया के हर उस कारोबारी को खुला आमंत्रण है जो ‘न्यू इंडिया’ के नए और पारदर्शी कारोबारी संस्कृति का लाभ उठाना चाहता है। भारत की बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था और बढ़ता हुआ नव मध्यम वर्ग निवेश की असीम संभावनाओं से भरा हुआ है। उन्होंने बताया कि इस समय देश में मोबाइल विनिर्माण में चार लाख से अधिक नौजवानों को सीधा रोजगार मिला हुआ है और इस नए संयंत्र में एक हजार और युवाओं को रोजगार मिलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि मोबाइल फोन विनिर्माण में आज भारत दुनिया में दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। बीते चार वर्षों में मोबाइल संयंत्रों की संख्या दो से बढ़कर 120 हो गई है जिसमें से 50 से अधिक नोएडा में ही हैं। मोदी ने कहा कि कोरिया की प्रौद्योगिकी और भारत के विनिर्माण और सॉफ्टवेयर सपोर्ट से दुनिया के लिए हम बेहतरीन उत्पाद तैयार करेंगे। यही हम दोनों देशों की ताकत है और यही हमारा साझा विजन है।
सूचना प्रौद्योगिकी और एयरोस्पेस में भारत की क्षमताओं की सराहना
इस मौके पर दक्षिण कोरिया को राष्ट्रपति मून ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे गतिमान देशों में से एक है। यहां दो साल से स्मार्टफोन बाजार में सैमसंग दूसरे स्थान पर रही है। भारत में विनिर्मित स्मार्टफोनों का निर्यात पश्चिम एशिया और अफ्रीका के देशों में किया जाएगा। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी और एयरोस्पेस में भारत की क्षमताओं की सराहना की। साथ ही उन्होंने प्राचीन भारतीय सभ्यता और विज्ञान के क्षेत्र में भारत की पुरानी उपलब्धियों की भी प्रशंसा की तथा कहा कि दोनों देश एक-दूसरे के लिए अच्छे साझेदार साबित होंगे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
9 Jul 2018, 8:12 PM IST
बड़ी खबरें
View Allउद्योग जगत
कारोबार




