
Coronavirus : ग्वालियर में टोटल लॉकडाउन, बाजार, गली और मोहल्ले पूर्ण रूप से बंद
जबलपुर. शहर में मंगलवार को एक और कोरोना पॉजीटिव मरीज मिला। यह पूर्व संक्रमित सराफा निवासी राठौर परिवार की सदस्य है। 20 वर्षीय शिवानी राठौर को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था और नमूने जांच के लिए एनआइआरटीएच को भेजे गए थे। मंगलवार को नमूने की जांच में कोविड-19 पॉजीटिव मिलने के बाद युवती को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है। युवती राठौर परिवार की 12वीं पॉजीटिव सदस्य है। स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए भेजे जाने वाले नमूने की संख्या बढ़ाने का निर्णय किया है। अब नमूने की दिल्ली से जांच कराने की तैयारी की जा रही है।
94 व्यक्ति संस्थागत क्वारंटाइन
सराफा और कचनार कंटेनमेंट जोन में हाई रिस्क मरीजों को चिन्हित किए जाने के बाद मेडिकल टीम ने जांच शुरू कर दी है। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें होम क्वारंटाइन किया जा रहा है। मंगलवार को कुछ लोगों को इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन भी किया गया है। हनुमानताल निवासी जिस महिला की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है, उसके सम्पर्क में आए करीब तीस व्यक्तियों को एहतियातन आइसोलेशन सेंटर में भर्ती किया गया है। राठौर परिवार के सम्पर्क में आए कुछ लोगों को भी सुख सागर मेडिकल कॉलेज में क्वारंटाइन किया है। करीब 94 लोग अभी संस्थागत क्वारंटाइन हैं।
रिपीट टेस्ट निगेटिव, आज होगा डिस्चार्ज
मेडिकल कॉलेज में उपचाररत एक और कोरोना संक्रमित मंगलवार को रिपीट टेस्ट में निगेटिव मिला है। यह पूर्व संक्रमित सराफा कारोबारी के प्रतिष्ठान का कर्मचारी राजेश सोनी है। 27 मार्च को जांच में पॉजीटिव पाया गया था। लगातार दो रिपीट टेस्ट निगेटिव आने के बाद बुधवार को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे डिस्चार्ज किया जा सकता है।
दो डॉक्टर को नोटिस, 20 एएनएम निलंबित
स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना हॉटस्पॉट के करीब बने कोतवाली डिस्पेंसरी में मंगलवार से संदिग्धों के नियमित नमूने जांच के लिए नहीं लिए जाने पर दो डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निर्देश के बावजूद सिविल डिस्पेंसरी की मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिल्पी जैन और डॉ. राजेश बघेल के नियमित सेम्पलिंग नहीं करने को गम्भीर लापरवाही माना गया है। दो दिन में स्पष्टीकरण तलब किया है। शहरी क्षेत्र में कोविड-19 के सर्वे के लिए उपस्थित नहीं होने वाले 20 एएनएम पर भी गाज गिरी। इसमें नियमित कर्मचारियों को निलंबित और संविदा कर्मियों को सेवा से पृथक कर दिया गया है।
कोरोना मीटर
- 108 नमूने बुधवार को जांच के लिए भेजे गए
- 51 नमूनों की जांच रिपोर्ट एनआइआरटीएच से मिली
- 01 नमूने की जांच में कोरोना पॉजीटिव मिला
- 50 संदिग्धों के नमूने की जांच निगेटिव
जिले की स्थिति
- 21 कोरोना संक्रमित मेडिकल कॉलेज में भर्ती
- 74 कोरोना संदिग्ध सुख सागर मेडिकल कॉलेज में भर्ती
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
21 Apr 2020, 11:10 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़




