
Jain temple jabalpur
जबलपुर। दर्जनों सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड के बीच भारी भरकम मूर्ति चोर ले गए और किसी को भनक तक नहीं लगी। जब श्रद्धालुओं की नजर पड़ी तो पूरे शहर में हडक़ंप मच गया। देखते ही देखते सैकड़ों धर्मावलंबी मंदिर पहुंचे और हंगामा खड़ा हो गया। मामला हनुमानताल बड़ा जैन मंदिर का है। जहां से पद्मावती माता की करीब 70 किलो वजनी मूर्ति चोरी हो गई।
300 साल पुरानी है मूर्ति
जानकारों की मानें तो बड़ा जैन मंदिर में स्थापित सभी प्रतिमाएं सदियों पुरानी बताई जाती हैं। जैन मंदिर भी ऐतिहासिक है। यहां करीब 300 साल पुरानी पद्यमावती माता की मूर्ति रखी हुई थी, जिसका वजन करीब 70 किलो था। आज सुबह जब लोग पूजन दर्शन को आए तो मूर्ति नदारद मिली। जिसकी शिकायत तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे जैन समाज के लोगों ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि सीसीटीवी कैमरों और गार्ड के होते हुए भारी भरकम मूर्ति चोरी कैसे हो गई। वहीं पुलिस अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जैन समाज के लोगों से जब इस बारे में पूछा गया तो कोई भी स्पष्ट तौर पर बोल नहीं पा रहा है कि इतनी भारी मूर्ति को अकेला चोर कैसे ले जा सकता है। यदि एक साथ कई लोग अंदर आए तो गार्ड क्या कर रहे थे। पुलिस अब मंदिर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की बात कह रही है। साथ ही मंदिर की सुरक्षा में लगे गार्ड से भी पूछताछ की जा रही है। मंदिर समिति में विवाद को लेकर अफवाह उड़ी थी, जिसे समाज के लोगों ने नकार दिया है।
Published on:
16 May 2022, 1:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.