जबलपुर। एयर इंडिया जल्द ही जबलपुर से पुणे के लिए हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी में है। पुणे के लिए यात्रियों के लोड फैक्टर को देखते हुए कम्पनी इस रूट पर ११४ सीटर एयरबस शुरू करेगी। कम्पनी के इंजीनियर ऑडिट के लिए पांच सितम्बर को डुमना आ रहे हैं। ऑडिट में देखा जाएगा कि एयरपोर्ट का रन-वे एयरबस की लैंडिंग और उड़ान भरने के लिए मुफीद है या नहीं। टीम सात सितंबर तक यहां रहेगी। डुमना एयरपोर्ट का रनवे ६५०० फीट लम्बा है। जबकि एयरबस उतारने के लिए रन-वे की लम्बाई ९ से १० हजार फीट होनी चाहिए। रन-वे की लम्बाई को देखते हुए एयर इंडिया यहां फ्लाइट नंबर ३९१ की एयरबस उतारने की तैयारी कर रही है। यह एयरबस जे८वाई ११४ है, जो आकार में सबसे छोटा होता है। एयरबस का वजन ५७ हजार किग्रा है। एयर इंडिया के इंजीनियर्स रनवे का अध्ययन कर जानेंगे कि यहां छोटा एयरबस उतारने में कोई परेशानी तो नहीं होगी। टीम रन-वे की क्वालिटी आदि भी चैक करेगी।