पुजारी राघवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि होलिका दहन के लिए मंदिर से जुड़े भक्तों को कंडे जुटाने का जिम्मा दिया जाता है। सभी अपने घरों में पाली गई गायों के गोबर के कंडे होलिका के लिए लाते हैं। होली के पहले से यह क्रम आरम्भ हो जाता है। उन्होंने बताया कि गाय के गोबर के कंडे ही यहां होलिका दहन में इस्तेमाल होते हैं। श्रद्धालु कविता दुबे ने बताया कि मंदिर परिसर में अशोक, आम, पीपल, बरगद व अन्य पेड़ लगे हैं। होली के महीनों पहले इनके पत्ते एकत्र करना आरम्भ कर दिया जाता है। आरती गौतम ने बताया कि इस वर्ष भी होलिका दहन के लिए मंदिर प्रांगण में अरंडी की डाल का खम्ब गड़ाकर तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वे छोटी खेरमाई मंदिर के होलिका दहन को आज के परिवेश में आदर्श मानती हैं।