
मालपुरा क्षेत्र के जानकीपुरा गांव में दबडिय़ा नाडी की पाळ पर सोना खोजने में जुटे ग्रामीण।
मालपुरा. कड़ीला पंचायत के जानकीपुरा गांव के समीप दबडिय़ा नाडी की पाळ पर पत्थर की खान से निकली मिट्टी में लोग जान की परवाह किए बगैर कथित सोना खोजने में जुटे हैं।
पाळ पर रविवार को भी सोना ढूंढने वालों की भीड़ रही। खुदाई में सोने के सिक्के निकलने की अफवाह सोशल मीडिया पर चलने से सोना पाने की लालसा में ग्रामीणों की भीड़ बढ़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पाळ से प्रतिदिन खुदाई के दौरान सिक्के निकल रहे हैं, लेकिन कोई ये बताने को तैयार नहीं है कि सिक्के किसको मिले।
सिक्के प्राचीन होने से इनके खरीदार भी दूरदराज से आ रहे हैं। पुलिस व प्रशासन के किसी अधिकारी को आता देख लोग इधर-उधर हो जाते हैं।
लुकाछिपी का ये खेल प्रशासन व पुलिस के लिए जी का जंजाल बना हुआ है।
उपखण्ड अधिकारी ने रविवार को पाळ का निरीक्षण किया। उनके आने की खबर लगने पर ग्रामीण पास के खेतों में चले गए।
पिछले दो महीनों से उमड़ रही भीड़ को रोकने के लिए प्रशासन को कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा।
Published on:
5 Dec 2016, 10:19 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.