
फिल्म की शूटिंग के लिए पूजन करते कलेक्टर कर्मवीर शर्मा
जबलपुर. प्रदेश सरकार की नीतियों का परिणाम अब सामने दिखने लगा है। बड़े उद्यमियों के निवेश के साथ ही अब फिल्म इंडस्ट्री का भी ध्यान इस तरफ गया है। वैसे मध्य प्रदेश के कई जिले ऐसे हैं जहां पहले भी फिल्मों की शूटिंग हुआ करती थी, पर अब उसमें तेजी आई है। इसी के तहत अब जबलपुर में भी एक बड़े निर्माता निर्देशक अपनी नई फिल्म की शूटिंग के लिए आने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक 40 दिन का शेड्यूल होगा शूटिंग का। इस दौरान स्थानीय कलाकारों को भी मौका मिलेगा इस फिल्म में काम करने का। इससे न केवल कलाकार बल्कि स्थानीय प्रशासन भी खुश है, क्योंकि इससे जिले की अर्थ व्यवस्था पर भी असर पड़ेगा।
जिले में फिल्म को प्रमोट कर रहे जबलपुर टूरिज्म प्रमोशन काउंसिल के सीईओ हेमंत सिंह के अनुसार एक फरवरी को देवताल से फिल्म की शूटिंग प्रारंभ होगी, जो 40 दिन तक चलेगी। इस फिल्म में एक गाना कचनार सिटी स्थित शिव मंदिर परिसर में भी फिल्माया जाएगा। फिल्म के प्रोड्यूसर रघु ने जबलपुर के प्राकृतिक सौंदर्य को अद्भुत बताते हुए कहा कि "द मिसिंग बीन" के बाद जबलपुर में और भी फिल्में बनाने की उनकी योजना है। उन्होंने फिल्म की शूटिंग में प्रशासन से मिल रहे सहयोग के लिए कलेक्टर कर्मवीर शर्मा का आभार जताया।
ये फिल्म तेलगू के साथ तमिल, हिन्दी, मलयालम और कन्नड़ भाषा में प्रदर्शित होगी। आइडियल फिल्म निर्माता कंपनी के बैनर तले बनने वाली इस फिल्म में 88 कलाकार बाहर से बुलाए गए हैं। फिल्म में मुख्य भूमिका में हैदराबाद के एक्टर रक्षित और केरल की एक्ट्रेस अर्पणा जनार्दन होंगी। शहर के कचनार सिटी में कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने इस फिल्म की यूनिट के साथ हवन-पूजन किया। फिल्म के प्रोड्यूसर रघु और डायरेक्टर सबस्टीन नोह ओकोष्टा हैं।
फिल्म की शूटिंग निदान वॉटर फॉल, टेमर फॉल, हुल्की गांव, पायल, ग्वारीघाट, सर्किट हाउस, गेस्ट हाउस, कटाव मंदिर, गिरी दर्शन, संग्रामपुर, भेड़ाघाट, चौसठ योगिनी, पंचवटी, पचमठा मंदिर, लम्हेटाघाट, शारदा मंदिर, ओशो आश्रम, रानी दुर्गावती किला, बैलेंसिंग रॉक, देवताल, भैंसाघाट, पुलिस स्टेशन, शासकीय अस्पताल, कलेक्ट्रेट आदि स्थलों पर होगी।
कलेक्टर कर्मवीर शर्मा का कहना है कि जबलपुर में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करना और लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध कराना है। इससे ज्यादा फिल्मों की शूटिंग यहां होगी और जबलपुर के पर्यटन स्थलों के बारे में ज्यादा लोग जान सकेंगे। यहां के कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। फिल्म की शूटिंग से लोगों को रोजगार मिलने के साथ यहां की आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी।
Published on:
29 Jan 2021 02:36 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
