
lakme lux dove shampoo brand products duplicate sale in jabalpur
जबलपुर। आम लोगों की रोजमर्रा जिंदगी में उपयोग होने वाले साबुन, तेल, टूथपेस्ट, क्रीम, पाउडर, चायपत्ती, शैम्पू, सर्फ, शहद, बच्चों के फूड प्रोडक्ट, दर्द निवारक क्रीम में मिलावट की रही है। मुनाफाखोरी के चक्कर में जिंदगी दांव पर लगा रहे हैं। माढ़ोताल और गोहलपुर में पकड़े गए रेट-डेट से आगे इन आरोपियों ने नकली प्रोडक्ट भी असली ब्रांड नेम से पैकिंग कर दुकानदारों को सप्लाई करते थे। आरोपी नेपाल व दिल्ली से जहां एक्सपायरी व सस्ते मूल्य पर घरेलू सामग्री लाते थे, वहीं नागपुर और हैदराबाद से नकली प्रोडक्ट लाकर यहां पैकिंग करते थे। आठ साल से ये गोरखधंधा फल-फूल रहा था।
वस्तुओं से डेट-रेट बदलने का मामला: शहर में आठ साल से चल रहा गोरखधंधा
नागपुर-हैदराबाद से लेकर नेपाल तक फैला फर्जीवाड़े का नेटवर्क
माढ़ोताल और गोहलपुर में पकड़े गए चार आरोपियों और छह गोदामों से जब्त सामग्री की पड़ताल चौंकाने वाली है। माढ़ोताल पुलिस की गिरफ्त में आए बिट्टू ठाकुर, हिमांशु सोनी व जितेंद्र बाधवानी और गोहलपुर के हत्थे चढ़े अनिल कुमार लेखवानी ने जो खुलासे किए उससे जांच टीम भी सन्न रह गई। इस खेल का सरगना फरार चल रहे प्रकाश उर्फ मंजनू चांदवानी, लखन सिंधी, विक्की चांदवानी, कमल सिंधी और अनिल खत्री हैं। ये पांचों आपस में पार्टनर हैं। जितेंद्र बाधवानी फरार विक्की का रिश्तेदार है।
बिलासपुर से सीखा : बिलासपुर का अर्जुन नहला पूर्व में इस तरह रेट-डेट और नकली प्रोडक्ट की असली पैकिंग कर बेचता था। बताते हैं कि प्रकाश चांदवानी ने अर्जुन से ही पूरा तरीका समझा था। पांच वर्ष पूर्व अर्जुन गिरफ्तार हुआ था। प्रकाश, विक्की, कमल ने घमापुर क्षेत्र में कई गोदाम बना रखे हैं। इनमें नागपुर व हैदराबाद से नकली प्रोडक्ट मंगाकर नामी कम्पनियों के ब्रांड नेम से पैकिंग कर सप्लाई किया जा रहा था।
सभी गोदाम कॉलोनी में बनाए : सभी गोदाम सघन बसाहट वाली कॉलोनियों में बनाया है। यहां ऑटो से माल रात में पहुंचाते थे। इससे किसी को संदेह भी नहीं होता था।
पांच पर इनाम घोषित : फरार पांचों आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को पांच-पांच हजार का इनाम घोषित किया। अभी प्रकाश उर्फ मंजनू चांदवानी, लखन सिंधी, विक्की चांदवानी और कमल सिंधी, अनिल खत्री फरार हैं।
इस तरह शुरू किया खेल
प्रकाश और विक्की नेपाल से सटे यूपी के जिलों से हर महीने बड़ी मात्रा में एक्सपायरी और सस्ता प्रोडक्ट मंगाते थे। नेपाल में 30 प्रतिशत तक सामान सस्ते कीमत पर उपलब्ध हैं। वे इन सामग्रियों पर यहां के हिसाब से रेट प्रिंट कर सप्लाई करते थे। दिल्ली से एक्सपायरी डेट वाली घरेलू सामग्री में डेट चेंज कर देते थे। नमकीन फैक्ट्री चलाने वाला अनिल खत्री दो वर्ष पहले ही प्रकाश व विक्की से जुड़ा।
केस-एक
गोहलपुर-420, 465, 468, 273 भादवि और 3/7 ई सी एक्ट
42 लाख का एक्सपायरी घरेलू सामग्री जब्त
गिरफ्तार-ऑटो चालक अनिल कुमार लेखवानी
गोदाम-आम्बेडकर कॉलोनी में चार
ये आरोपी फरार-प्रकाश उर्फ मंजनू चांदवानी, लखन सिंधी, विक्की चांदवानी और कमल सिंधी
केस-दो
माढ़ोताल-420, 465, 273 भादवि और 3/7 ई सी एक्ट
25 लाख की एक्सपायरी सामग्री जब्त
गिरफ्तार-बिट्टू ठाकुर, हिमांशु सोनी व जितेंद्र बाधवानी
गोदाम मिले-चंडालभाटा और कसौंधन नगर ग्रीन सिटी
ये आरोपी फरार-अनिल खत्री
यहां सप्लाई
मुकादमगंज और गलगला में कई थोक व्यापारी, मनोरा होटल के पीछे, गंजीपुरा में एक सौंदर्य प्रसाधन की थोक दुकान, कटनी के आठ बड़े व्यापारियों को
माढ़ोताल और गोहलपुर के गोदामों से बड़ी मात्रा में एक्सपायरी डेट, अधिक रेट और खाली बोतल, पैकिंग आदि की सामग्री मिली है। पूरा नेटवर्क पुलिस के निशाने पर है। इस मामले में जल्द ही ड्रग और खाद्य विभाग की ओर से भी प्रतिवेदन लेकर धाराएं बढ़ायी जाएंगी।
अमित कुमार, एएसपी सिटी
Published on:
31 Jul 2020 11:07 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
