
mp winter season 2020 arrives in october months
जबलपुर। शहर में ठंड की दस्तक हो गई है। गुरुवार को सुबह से ही हल्का कोहरा होने के साथ ही ठंड का एहसास होता रहा है। धूप भी हल्की नमी के साथ लोगों को लुभा रही है। अगले एक हफ्ते में ठंड जोर पकड़ सकती है। पारा नीचे आने से कोहरा भी बढ़ेगा। इस साल देर से आए मानसून की विदाई भी देरी से हुई। बुधवार को शहर और सम्भाग से दक्षिण-पश्चिम मानूसन विदा हो गया। मानसून की विदाई के साथ हवा का रुख बदल गया। पारे की चाल में परिवर्तन आया। कई दिन से बादलों की वजह से चढ़ रहा पारा बुधवार को आसमान साफ होते ही नीचे आने लगा। हवा की दिशा बदलकर उत्तरी-पूर्वी होने के साथ ही उमस और गर्मी कम हो गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हवा की दिशा धीरे-धीरे उत्तरी होगी। हवा उत्तरी होने के साथ ही तापमान में गिरावट आएगी। ठंड की शुरुआत होगी।
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री था। इसमें बुधवार को आधे से एक डिग्री तक गिरावट आई। बुधवार को अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सी रेकॉर्ड किया गया है। यह सामान्य से दो डिग्री था। न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सी दर्ज हुआ। यह सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था। मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री तक ज्यादा था। बुधवार को आद्र्रता सुबह के समय 78 प्रतिशत और शाम को 52 प्रतिशत थी। उत्तर-पूर्वी हवा 3-4 किमी प्रतिघंटा की गति से चली।
मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून मध्यप्रदेश के कई हिस्सों से गुजरने के बाद निर्गमन सीमा अब कूच-बिहार, श्रीनिकेतन, रांची, पेंड्रा रोड, मंडला, नरसिंहपुर, इंदौर, वल्लभ-विद्यानगर, और पोरबंदर आदि क्षेत्रों से गुजर रही है। शहर और सम्भाग से मानसून से लौटने के बाद मौसम में परिवर्तन आ रहा है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। अभी हवा उत्तर-पूर्वी है। हवा की दिशा जैसे-जैसे उत्तरी होती जाएगी ठंड पडऩे लगेगी।
Published on:
22 Oct 2020 11:52 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
