जबलपुर। पितरों के तर्पण और उनके मोक्ष मार्ग को प्रशस्त करने का पर्व पितृमोक्ष 24 सितम्बर से शुरू हो रहा है। इसके बाद अगले 16 दिनों तक रोज नदियों के किनारे लोग अपने पितरों का तर्पण व श्राद्ध करेंगे। ऐसी मान्यता है कि इन दिनों में की गई पितरों की पूजा से न केवल वे प्रसन्न होते हैं, बल्कि आशीर्वाद स्वरूप धन संपदा व सुख समृद्धि की प्राप्ति भी होती है।
ज्योतिषाचार्य पं. जनार्दन शुक्ला के अनुसार इस साल 24 सितम्बर पूर्णिमा से शुरू हो रहे हैं, जो कि 8 अक्टूबर 2018 को सर्वपितृ अमावस्या को सम्पन्न होंगे। इस साल 8 अक्टूबर, 2018 सोमवार को सर्व पितृ अमावस्या पड़ रही है। ये पितृ पक्ष का आखिरी दिन होगा। पितृ पक्ष अमावस्या को महालय भी कहा जाता है। इस तिथि पर उन सभी पूर्वजों का श्राद्ध किया जाता है जिनके स्वर्गलोक की तिथि ज्ञात नहीं होती है या फिर उन पूर्वजों का श्राद्ध होता है जो ज्ञात नहीं होते हैं। इसके अलावा जो लोग अपने पूर्वजों की मृत्यु की तिथि पर उनका श्राद्ध नहीं कर पाते हैं वे सर्व पितृ अमावस्या पर उनका तर्पण कर सकते हैं।