जीआरपी-आरपीएफ की मुस्तैदी को ठेंगा दिखाते हुए चोर रोज यात्रियों को निशाना बना रहे हैं। चोरों ने तीन ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाया। तीनों मामलों में जीआरपी ने शून्य पर प्रकरण दर्ज किया है। जीआरपी ने बताया, पुणे से आने वाली स्पेशल ट्रेन से जबलपुर आ रहे सतना के दीपेंद्र विश्वकर्मा का बैग गाडरवारा स्टेशन के पास चोरी हो गया। ट्रेन के जबलपुर पहुंचने पर दीपेंद्र ने जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। चोरी उस समय हुई, जब दीपेंद्र एस-२ स्लीपर कोच की बर्थ ५८ पर सा रहा था। बैग में मोबाइल, कपड़े समेत २३ हजार रुपए का सामान था। इसी तरह बागमती एक्सप्रेस से बरौनी से जबलपुर की यात्रा कर रहे मनीष यादव का बैग चोरी हो गया। मनीष का परिवार एस-१ कोच की बर्थ २५ व २६ पर सवार था। बैग में मोबाइल, सोने-चांदी के जेवर, एटीएम कार्ड आदि था। चोरी की तीसरी घटना चित्रकूट एक्सप्रेस में हुई। केंट निवासी राजेश गुप्ता का मोबाइल चोरी हो गया। जीआरपी ने गुरुवार को जबलपुर स्टेशन पर मोबाइल चुराने वाले मोहास कटनी निवासी अरविंद रैकवार को गिरफ्तार किया।