
uk strain COVID-19
जबलपुर। यूके में कहर बरपाने वाले कोरोना के नए स्टे्रन के खतरे के बीच वहां से जबलपुर शहर लौटी एक महिला जांच में कोविड-19 पॉजिटिव मिली है। उसे मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। लंदन से महिला परिवार के दो सदस्यों के साथ 13 दिसम्बर को शहर पहुंची थी। उसके परिवार के यूके से आए बाकी दो सदस्यों के नमूने की कोविड जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
अलग वार्ड में भर्ती, विशेष निगरानी
लंदन से आई चेरीताल निवासी 40 वर्षीय महिला को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बार सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में अलग वार्ड में रखा गया है। जानकारों के अनुसार यूके में कोविड वायरस के नए स्ट्रेन के ज्यादा संक्रामक होने के चलते महिला की विशेष निगरानी की जा रही है। इस वार्ड में तैनात चिकित्सक और कर्मचारी भी विशेष एहतियात बरत रहे है। डॉक्टरों के अनुसार महिला में कोई गम्भीर लक्षण नहीं हैं।
परिजन होम आइसोलेट
चेरीताल निवासी महिला दो दिन पहले रैपिड टेस्ट में कोविड पॉजिटिव मिली थी। उसके बाद स्वाब का नमूना आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए भेजा गया था। उसकी रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव मिलने के बाद महिला को रात में सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। उसके साथ 41 वर्षीय पुुरुष और 10 वर्षीय बालिका की जांच रिपोर्ट निगेटिव है। एहतियातन उसके साथ आए दोनों लोग सहित परिवार के अन्य सदस्यों को होम आइसोलेशन पर रखा गया है।
लंदन में निगेटिव
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महिला ने भारत आने से पहले लंदन में नौ दिसम्बर को कोविड जांच कराई थी। उस वक्त महिला की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। जबलपुर पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सैम्पलिंग की तो महिला संक्रमित निकली। ऐसे में महिला के फ्लाइट में या भारत में आने के बाद कोरोना की जकड़ में आने की भी आशंका है।
नए स्ट्रेन की जांच के लिए पुणे गया नमूना
संक्रमित महिला में कोरोना के नए स्ट्रेन का पता लगाने के लिए उसके नमूने लिए गए हैं। इसे सोमवार को पुणे की वायरोलॉजी लैब में भेजा गया है। प्रदेश में किसी लैब में अभी नए स्टेन का पता लगाने की जांच क्षमता नहीं है। यूके से 25 दिसम्बर के बाद जिले में अभी तक 53 व्यक्तियों के आने की सूचना है।
Published on:
29 Dec 2020 02:41 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
