
CG Naxal
CG Naxal Attack: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले बीजापुर में एक बड़ा नक्सली हमला हुआ है। माओवादियों ने कुटरू मार्ग के बेदरे क्षेत्र में सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए एक IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोट किया। इस घटना में 8 जवानों के शहीद होने की खबर मिली है। जबकि कुछ अन्य जवान घायल बताए जा रहे हैं। वहीं शहीदों की संख्या बढ़ भी सकती है। हालांकि इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
यह हमला तब हुआ जब सुरक्षा बलों का दल एक गश्ती अभियान पर था। जवानों से भरी गाड़ी को नक्सलियों ने पहले से तैयार किए गए IED के जरिए उड़ाया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही कई जवान शहीद हो गए। आसपास के इलाके में तुरंत अलर्ट जारी किया गया और घायल जवानों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
घटना बीजापुर जिले के कुटरू मार्ग पर बेदरे क्षेत्र में हुई, जो पहले से ही नक्सली गतिविधियों के लिए कुख्यात है। यह इलाका घने जंगलों और दुर्गम रास्तों से भरा हुआ है, जो नक्सलियों को छिपने और हमला करने में मदद करता है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गई हैं। घायल जवानों को जल्द से जल्द चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
नक्सली हमले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बीजापुर जिले के कुटरू में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में 8 जवानों सहित एक वाहन चालक के शहीद होने की खबर अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शहीदों के परिजनों के साथ है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी, नक्सलवाद के खात्मे के लिए हमारी यह लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी।
Updated on:
6 Jan 2025, 4:33 PM IST
Published on:
6 Jan 2025, 3:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.