
मुकाबला कांंग्रेस व भाजपा के बीच लेकिन मैदान पर डटे हैं जोगी, बस्तर में शुरू किया चुनाव प्रचार
जगदलपुर . चित्रकोट उपचुनाव के दंगल के लिए जकांछ सुप्रीमों अजीत जोगी बस्तर पहुंच गए है। बुधवार को अलनार जैसे दूरस्त इलाके के गांव से उन्होंने प्रचार शुरू करते ही कांग्रेस व भाजपा को आड़े हाथों लिया और कहा कि वे इस गांव से इसलिए अपना प्रचार शुरू कर रहें है क्योंकि कांग्रेस के स्थानीय सांसद और भाजपा के प्रत्याशी के गांवों के इतने करीब होने के बाद भी यह गांव विकास की मुख्यधारा से बहुत दूर है।
यहां पूर्व सीएम अजीत जोगी ने कहा कि चित्रकोट उपचुनाव में वे 360 किलोमीटर से व्हीलचेयर में इतना लम्बा सफऱ तय करके इसलिए पहुंचे हैं क्यों कि वे इलाके का विकास चाहते हैं। इस विधान सभा के सबसे पिछड़े गांव अलनार में जनता का आशीर्वाद लेने आने की बात उन्होंने कही। हालांकि यहां कांग्रेस व भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है, बावजूद जोगी डटे हुए हैं। प्रशासन ने सुरक्षागत कारणों का वास्ता देते हुए जोगी को गुरुवार तक यहा आम सभा करने की अनुमति नहीं दी थी। लेकिन बुधवार की शाम 4 बजे नुक्कड़ सभा करने की स्वीकृति प्राप्त हुई। इसके बावजूद गांव में नुक्कड़ नाटक कर पार्टी का प्रचार किया।
उन्होंने कहा कि इलाके में न तो स्वास्थ केंद्र में डॉक्टर और न हाई स्कूल में बच्चों को गणित, अंग्रेज़ी और विज्ञान पढ़ाने शिक्षक आते हैं। इंद्रावती नदी के इतने करीब होने के बाद यहां सिंचाई का कोई संसाधन है और न ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध है। चित्रकोट क्षेत्र की इस दुर्दशा के लिए कांग्रेस और भाजपा बराबर से जवाबदार हैं। उन्होंने यहां कहा कि अन्य पार्टियों की तरह उनके पास काला धन का भंडार नहीं है इसलिए गांव वालों से चंदा मांगा जिसमें उन्होंने 1360 रुपए सहयोग में मिले। इस दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी, केंद्रीय चुनाव मंडल के सदस्य कोंडल राव, जि़ला अध्यक्ष टंकेश्वर भारद्वाज, प्रत्याशी बोमड़ा राम मंडावी, ब्लॉक अध्यक्ष श्री लिबरु राम कश्यप समेत अन्य लोग मौजूद थे।
Click & Read More Chhattisgarh News.
Published on:
17 Oct 2019, 5:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.