
CM भूपेश का बड़ा बयान: किसानों के साथ बेरोजगारों को थामेगी सरकार, धान खरीदी और बोनस का किया ऐलान
बस्तर . चित्रकोट उपचुनाव के लिए बुधवार को सांसद के गृहग्राम गढिय़ा पहुंचे सीएम भूपेश बघेल ने मंच से बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अच्छी बारिश की वजह से बस्तर के किसान बम्पर पैदावर लेने जा रहे हैं। इसके लिए सरकार भी तैयार है और वह भी किसानों से सारे धान खरीदेगी। इतना हीं नहीं पिछले साल की तरह किसानों को बोनस देने का भी ऐलान किया है।
इसके साथ ही स्थानीय ठेकेदारों को बड़ी सौगात देते हुए उन्होंने कहा है कि 50 लाख तक के काम स्थानीय लोगों को मिलेंगे। जिसमें सडक़, पुलिया व अन्य निर्माण की बात उन्होंने कही। इस फैसले के बाद सभा में सीएम को सुनने पहुंचे लोगों ने जमकर ताली बजाई और फैसले का स्वागत किया। तो वहीं सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार ने पिछले 10 महीने के कार्यकाल में इतने फैसले लिए हैं जितने भाजपा की सरकार ने पूरे पांच साल में भी नहीं लिए।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार के फैसलों के चलते पार्टी को पहले दंतेवाड़ा में और अब चित्रकोट उपचुनाव में जीत मिलेगी। इस दौरान उनके साथ पीसीसी चीफ मोहन मरकाम, सांसद दीपक बैज, प्रदेश महासचिव मलकीत सिंह गैदू, जिलाध्यक्ष राजीव शर्मा, बलराम मौर्य, जतीन जायसवाल, फूलो देवी नेताम समेत अन्य लोग मौजूद थे।
कांग्रेस के दिए पट्टे को भाजपा ने छीना था, हमने फिर लौटाया
सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार की तात्कालीन पीएम इंदिरा गांधी ने लोहाड़ीगुड़ा के ग्रामीणों को पट्टा वितरण किया था। जिसे प्रदेश की भाजपा सरकार ने पूंजीपतियों को सौंपने के लिए छीन लिया था। लेकिन फिर से जब कांग्रेस की सरकार आई तो इन ग्रामीणों को फिर से भूस्वामी बनाते हुए उनके सालों से छीने गए पट्टे को कांग्रेस ने लौटाया है।
रिटायर्ड सुप्रीम कोर्ट जज की निगरानी में बनेगी समिति
दुर्ग सांसद के बयान पर सीएम ने पलटवार करते हुए कहा विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने जवाब दे दिया है वही पीसीसी चीफ के बयान दोनो पूर्व सीएम के जल्द जेल जाने के बयान पर दुर्ग सांसद विजय बघेल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वे पूर्व सीएम रमन सिंह को जेल भेजने की बात कह रहे है, जबकि वे खुद ही बेल पर हैं। सभा से उन्होंने इस बयान पर भी पलटवार किया और कहा कि उनको प्रदेश की जनता ने विधानसभा चुनाव में 15 सीटों पर लाकर जवाब दे दिया है। अब बस्तर के लोग जवाब दे रहे हैं। यहां 12 में 11 सीट कांग्रेस के पास हैं, और चित्रकोट चुनाव में जीत हासिल कर बस्तर को भाजपा मुक्त कर दिया जाएगा।
जेल में बंद आदिवासियों की होगी रिहाई
बस्तर के लोगों की जेल में बंद आदिवासियों की रिहाई की मांग पर भी उन्होंने स्थिति साफ करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के जज की निगारानी में इसके लिए एक समिति बनाई गई है। इस क्षेत्र में तेजी से काम चल रहा है जल्द ही निर्णय भी लिया जाएगा। सरकार ने जनता से जो जो वादे किए हैं वे सभी निभाने की बात उन्होंने कही।
आरबीआई से निकाले एक लाख 74 हजार करोड़ किसे दिए
सीएम ने पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए उन पर आरोप लगया है कि हाल में ही केंद्र सरकार ने आरबीआई से जो 1 लाख 74 हजार करोड़ रुपए निकाले हैं। पूंजीपतियों को राहत पहुंचाने के लिए दिए गए हैं। इस तरह के फैसले से गरीबों को नुकसान हो रहा है। जबकि कांग्रेस लगातार गरीबों के लिए काम करती आ रही है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता भी भजापा के अव्यवहारिक फैसलों से परेशान हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में वहां के लोग भी भाजपा को सबक सिखाएंगे।
Click & Read More Chhattisgarh News.
Updated on:
17 Oct 2019, 4:40 PM IST
Published on:
17 Oct 2019, 4:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.