
नकली पुलिस बनकर पर्यटकों की गाड़ी लूटने का करता था काम, पकड़ाने के बाद पुलिस को भी दे गया चकमा
जगदलपुर . चित्रकोट घूमने आए पर्यटकों की बोलेरो लूटने वाले दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। इससे पहले गिरफ्तार आरोपी गोलू कश्यप को जेल भेज दिया है, जबकि लूट का मास्टर माइंड राजू नाग पुलिस की हिरासत से भागने में कामयाब रहा। राजू ने ही वारदात को अंजाम दिया था। डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में पुलिस अभिरक्षा के बीच वह फरार हो गया है।
गौरतलब है कि विगत 5 नवंबर को चित्रकोट में हुई लूट की वारदात के बाद से इन दोनों आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही थी। भागते इनमें से एक आरोपी छोटू कश्यप के पास रखा बैग नीचे गिर गया था, जिसमें रखे आईडी प्रूफ के जरिए उसकी पहचान हुई। इसके बाद छोटू कश्यप को उसके गांव पोटनार में गिरफ्तार कर लिया, जिसने बताया कि लूट का मास्टर माइंड तोकापाल ब्लाक के बड़े आरापुर में रहने वाला राजू नाग है। उसने पुलिस कमांडों की वर्दी पहनकर धौंस जमाते हुए जबरन चाबी छीन ली थी और उसे लेकर फरार हो गया था। पूछताछ में कई दूसरे राज भी खुलेंगे।
कटेकल्याण पुलिस ने किया गिरफ्तार
इस मामले से पुलिस की काफी किरकिरी हो रही थी, इसलिए आला अधिकारी मामले की पल-पल खबर ले रहे थे। ओडि़शा और आंध्रप्रदेश की सीमा तक पुलिस चप्पा-चप्पा तलाश कर रही थी। तलाशी के दौरान राजू नाग के सुकमा जिला के कटेकल्याण में होने की सूचना मुखबीर से मिली। उक्त सूचना पर कटेकल्याण पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। जिसके बाद उसे लोहण्डीगुड़ा पुलिस के हवाले किया।
पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपी राजू नाग की खोजबीन जारी है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में दूसरे आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
एम्ब्रोज कुजुर,
लोहण्डीगड़ा थाना, प्रभारी
Click & Read More Chhattisgarh News.
Published on:
12 Nov 2019, 4:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.