
Rajasthan Dudu Road Accident : जयपुर। राजस्थान में गुरुवार दोपहर को एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा जयपुर जिले के दूदू थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार एक तेज रफ्तार टैंकर कार पर पलट गया। हादसे में कार चकनाचूर हो गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू दिनेश शर्मा ने बताया कि सुबह 11 बजे फागी में लोहे के बक्सा बनाने की दुकान पर काम करने वाले हनीफ के परिवार के नौ जने अपने जानकार की कार लेकर जियारत करने अजमेर दरगाह रवाना हुआ था। दूदू के रामनगर के पास करीब 12 बजे अजमेर से जयपुर के सीतापुरा आ रहे सीमेंट के टैंकर (बल्कर) का अचानक टायर फट गया और वह दूसरी लेन में आकर कार पर पलट गया। जिससे कार टैंकर के नीचे दबकर चकनाचूर हो गई। हादसे में आठ जनों की मौके पर मौत हो गई जबकि एक पांच साल का बच्चा घायल हो गया। घटना के बाद सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। क्रेन की मदद से मृतकों के शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए।
ये हुए हादसे का शिकार
हृदय विदारक हादसे में फागी में निवासी हसीना पत्नी हनीफ (25), इसराइल पुत्र हनीफ (27), फरजाना पत्नी इसराइल (27), मुराद पुत्र हनीफ (21), रोहिना पुत्री इसराइज (6), शकील पुत्र तोफिक (30), सोनू पुत्र सलीम (14), सेरान पुत्र इसराइल (3) की मौत हो गई। इनमें दामाद शकील मध्यप्रदेश का निवासी था। जबकि अन्य मृतक फागी के एक ही परिवार के हैं।
Updated on:
4 May 2023, 3:10 PM IST
Published on:
4 May 2023, 2:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.