जयपुर. अजय देवगन स्टारर फिल्म 'रेड' से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाले अमित बिमरोत अब राजकुमार राव के साथ 'मेड इन चाइना' में नजर आएंगे। अमित का कहना है, 'अजय देवगन के साथ बॉलीवुड में डेब्यू करना किसी बड़े सपने के पूरे होने जैसा है। 'रेड' से लोगों का प्यार, एक्टिंग को सम्मान और आगे बढऩे के लिए एक बेहतरीन रास्ता मिला। पूरी फिल्म नामचीन एक्टर्स से भरपूर थी। अजय सर के साथ एक-एक सीन करना मेरे लिए खास अनुभव रहा, क्योंकि वे अपने सीन की शुरुआत से लेकर एंड तक की प्रक्रिया को जानते हैं और उसी को फॉलो करते हुए एक्ट करते हैं। अब फिल्म 'मेड इन चाइना' शूट कर रहा हूं और इसमें राजकुमार राव से भी बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है। राजकुमार राव नए एक्टर्स के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने अपनी एक्टिंग से फिल्मों को सफलता दिलाई है, ऐसे में उनके साथ काम करना खास है। वे मेरे एफटीआइआइ के सीनियर हैं, इसलिए हमारा कनेक्शन खास है। अभी हमारी शूटिंग अहमदाबाद में चल रही है।