
स्थानीय श्री गोशाला सेवा समिति में शनिवार को पशुपालन विभाग व लक्ष्य युवा संस्थान के तत्वावधान में जीव-जंतु कल्याण पखवाड़े की शुरूआत हुई। इस दौरान पशु चिकित्सा शिविर लगाया गया तथा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। गोशाला में पशुपालन विभाग के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल धरेन्द्र की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में जीव जंतु कल्याण अधिकारी दलीप वर्मा अतिथि थे तथा गोशाला अध्यक्ष इंद्र हिसारिया संयोजक थे।
संगोष्ठी में जीव जंतु कल्याण अधिकारी दलीप वर्मा ने कहा कि सभी जीव जंतुओं का संरक्षण जरूरी है। गाय धरती पर सबसे श्रेष्ठ जीव है। उन्होंने केन्द्र व राज्य सरकार की ओर से जीव-जंतुओं के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। डॉ. अनिल धरेन्द्र ने पशुपालन विभाग की योजनाओं की जानकारी दी तथा पशुओं में टीकाकरण तथा बीमारियों से बचाव की जानकारी दी। गोशाला अध्यक्ष इंद्र हिसारिया व प्रबंधक रामकुमार गोदारा ने पखवाड़े में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। पखवाड़े के दौरान पशुपालन विभाग की ओर 30 जनवरी तक जिले में कई जगह पशु कल्याण कार्यक्रम व चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
Published on:
16 Jan 2016, 4:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.