
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Photo- IANS)
Arvind Kejriwal on CJP Attack: जयपुर के रामपुरा कंवरपुरा में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम के साथ हुई मारपीट का मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। घटना को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए पूरे घटनाक्रम को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सीजेपी के कार्यकर्ताओं के साथ यह सब इसलिए हुआ है ताकि वे लोग बच्चों की शिक्षा के लिए आवाज न उठा सकें।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आखिर देश में ये सब क्या हो रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोगों ने CJP के वॉलंटियर्स पर बुरी तरह हमला किया। कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई, उनके कपड़े फाड़े गए और गाड़ियों के शीशे तक तोड़ दिए गए। केजरीवाल ने आगे लिखा कि अगर बच्चे पढ़-लिख जाएंगे तो इससे बीजेपी को क्या परेशानी है? उन्होंने सवाल किया कि आखिर बीजेपी बच्चों को अनपढ़ क्यों रखना चाहती है।
सीजेपी की टीम रामपुरा कंवरपुरा के सरकारी स्कूल का जायजा लेने पहुंची थी। टीम के मुताबिक, वे स्कूल की स्थिति और बच्चों को मिल रही सुविधाओं को देखने गए थे। इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने टीम के स्कूल में प्रवेश का विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई। सीजेपी ने आरोप लगाया कि बीजेपी के गुंडों ने कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की और उन्हें मौके से खदेड़ दिया गया। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि वे स्कूल का राजनीतिकरण नहीं होने देना चाहते थे।
CJP सह-संयोजक आशुतोष रांका ने रामपुरा-कंवरपुरा की घटना को लेकर राज्य सरकार और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि घटना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता की बात है। रांका ने सरकार को 48 घंटे का समय देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और स्कूलों के निरीक्षण से जुड़े आदेश को वापस लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो CJP राजस्थानभर में आंदोलन करेगी। साथ ही उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
Updated on:
21 Aug 2026 04:28 pm
Published on:
21 Aug 2026 03:46 pm
