जयपुर। Rajasthan New Districts: राजस्थान की गहलोत सरकार ने शुक्रवार को 19 नए जिलों के नोटिफिकेशन को मंजूरी दे दी है। प्रदेश में पहले से 33 जिले थे। अब 19 नए जिलों के बाद 50 जिले हो गए हैं। बजट रिप्लाई में सीएम अशोक गहलोत ने राजस्थान में 19 नए जिले और तीन नए संभाग बनाने की घोषणा की थी। जिलों के सीमांकन में आई दिक्कतों और नाम को लेकर उठ रहे विवादों के चलते अब तक जिलों का नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ था। लेकिन अब नए जिलों पर मुहर लग गई है। जयपुर शहर और जयपुर ग्रामीण 2 जिले बनेंगे। वहीं दूदू जिला को भी बरकरार रखा गया है। दूदू जिला अब राजस्थान का सबसे छोटा जिला होगा। दूदू में तीन 3 उपखंड (मोजमाबाद, दूदू और फागी) और 3 तहसील (मोजमाबाद, दूदू और फागी) होंगी।
पहले राजस्थान में थे 33 जिले
राजस्थान में इससे पहले श्रीगंगानगर, धौलपुर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, करौली, सवाई माधोपुर, जैसलमेर, पाली, दौसा, जयपुर, सिरोही, झुंझुनू, सीकर, बूंदी, बारां, झालावाड़, कोटा, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, राजसमंद, बाड़मेर, जालौर, भरतपुर, जोधपुर , अलवर, प्रतापगढ़, अजमेर, भीलवाड़ा, नागौर, टोंक और उदयपुर समेत 33 जिले थे।