ये वही तीनों राज्य हैं जहां कांग्रेस सत्ता की दौड़ में शामिल रहती है। पिछली बार तीनों राज्यों से भाजपा को बेदखल कर कांग्रेस ने यहां सरकार बनाई थी। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में तो 52 महीनों से कांग्रेस सरकारें चल तो रही हैं. मगर हिचकोले खाती हुई।. राजस्थान में तो एक बार सरकार पर संकट के घने बादल गहरा गए थे। मध्यप्रदेश में पिछली बार कांटे की लड़ाई में जीतकर सरकार बनाने वाली कांग्रेस ने आपसी कलह के चलते सवा साल में ही अपनी सत्ता गंवा दी थी। इसके बाद भाजपा 37 महीने से मध्यप्रदेश में सरकार चला रही है। तीनों राज्यों में राजनीतिक उठापटक के बीच सरकारों और राजनीतिक दलों के अपने-अपने दावे हैं। सभी प्रमुख दल तीनों राज्यों में अलग-अलग तरह से अपनी जीत सुनिश्चित बता रहे हैं। मतदाता भी पिछले चुनाव से पहले के वादों व आज के दावों को परख रहा है। तीनों राज्यों में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अवैध खनन, अस्थिरता और कानून व्यवस्था बड़े मुद्दे हैं, तो अलग-अलग राज्यों में स्थानीय मुद्दे भी चर्चा का विषय बने हुए हैं।