श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ तहसील के गांव पतरोडा के पास बुधवार को एक ट्रेलर, निजी स्लीपर कोच बस व एक लोक परिवहन सेवा की बस में टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दो बस और ट्रेलर में हुई टक्कर का कारण क्षेत्र में छाई घनी धुंध रही है। ट्रेलर और बस की टक्कर में दो वाहनों के चालक घायल हुए हैं। हालांकि लोक परिवहन सेवा की बस के ज्यादा नुकसान नहीं होने के कारण वह गंतव्य स्थान के लिए रवाना हो गई। वहीं ट्रेलर चालक को प्राथमिक उपचार करने के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है जबकि बस के चालक को घड़साना के राजकीय चिकित्सालय में ले जाया गया है।