
बीसलपुर बांध का विहंग्म दृश्य। फोटो-पत्रिका।
Bisalpur Dam Update: राजस्थान के सबसे महत्वपूर्ण जल स्रोतों में शामिल बीसलपुर बांध से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। लगातार बारिश और त्रिवेणी नदी से हो रही आवक के चलते बांध का जलस्तर बढ़कर 313.65 RL मीटर तक पहुंच गया है। बांध में अब तक कुल 25.872 टीएमसी पानी संग्रहित हो चुका है।
बांध के बहाव क्षेत्र में त्रिवेणी नदी 3.50 मीटर की ऊंचाई पर बह रही है, जिससे लगातार पानी की आवक हो रही है। यह स्थिति जयपुर, अजमेर और टोंक जैसे शहरों के लिए राहत लेकर आई है, जहां की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बिसलपुर पर निर्भर करती है।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यदि इसी तरह पानी की आवक बनी रही तो आने वाले दिनों में बांध अपनी पूर्ण क्षमता तक पहुंच सकता है। इससे आगामी महीनों में पानी की किल्लत की आशंका काफी हद तक कम हो जाएगी।
बांध क्षेत्र में तैनात अधिकारियों की टीम लगातार जलस्तर और आवक की निगरानी कर रही है। जरूरत पड़ने पर सतर्कता के तहत नीचे के क्षेत्रों में अलर्ट भी जारी किया जा सकता है। राजस्थान में अगले कुछ दिनों में और भी अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे बांध में और अधिक जलभराव की उम्मीद है।
Updated on:
5 Jul 2025, 7:16 AM IST
Published on:
5 Jul 2025, 7:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.