
जयपुर।
राजस्थान विधानसभा चुनाव की तारीख़ नज़दीक आने के साथ ही नेताओं के दल-बदल का सिलसिला तेज़ हो गया है। इसी क्रम में अब धौलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा से दो बार विधायक रहीं शोभारानी कुशवाह ने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली है। गौरतलब है कि कुशवाह राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग और अनुशासनहीनता के कारण भाजपा से निष्कासित चल रही थीं।
'गढ़' में भाजपा को बड़ा झटका
शोभारानी का कांग्रेस में शामिल होना भाजपा के लिए बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है। दरअसल, जिस धौलपुर सीट से शोभारानी प्रतिनिधित्व करती हैं, वो भाजपा का गढ़ माना जाता है। खुद शोभारानी यहां से दो बार भाजपा के टिकट से चुनाव लड़ीं और जीतकर विधानसभा तक पहुंचीं। उनसे पहले उनके पति बाबूलाल कुशवाह भी इसी सीट से विधायक रह चुके हैं। धौलपुर पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का गृह क्षेत्र भी है, इस लिहाज़ से भी इस 'शिफ्टिंग' को अहम माना जा रहा है।
क्या मिलेगा कांग्रेस का टिकट?
विधानसभा चुनाव से ऐन पहले शोभारानी के कांग्रेस में शामिल होने से कई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इनमें प्रमुख चर्चा ये है कि क्या कांग्रेस उन्हें धौलपुर सीट से टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारेगी। और अगर उतारेगी तो क्या धौलपुर के स्थानीय कांग्रेसी नेताओं को इस टिकट पर कोई आपत्ति नहीं होगी? फिलहाल इन सवालों के जवाब धौलपुर सीट पर प्रत्याशी चयन सूची में नाम आने के बाद ही साफ़ हो पाएंगे।
देर रात तक बना रहा सस्पेंस
शोभारानी के कांग्रेस में शामिल होने की खबरों ने शुक्रवार देर रात तक सस्पेंस बनाये रखा। ना तो इस दल-बदल की पुष्टि कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व में से किसी ने की, ना धौलपुर जिला कांग्रेस के किसी पदाधिकारी ने की और ना ही शोभारानी की तरफ से कोई बयान ही आया।
दिल्ली या जयपुर में 'जॉइनिंग' !
शोभारानी की कांग्रेस में औपचारिक जॉइनिंग जयपुर स्थित प्रदेश मुख्यालय में या दिल्ली स्थित केंद्रीय मुख्यालय में करवाई जाएगी, इसे लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है। फिलहाल कोई भी नेता इस बारे में कुछ भी कहने से बच रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के आगामी दिनों में धौलपुर के प्रस्तावित कार्यक्रम में शोभारानी को मंच पर पार्टी ज्वाइन करवाने की औपचारिकताएं भी हो सकती हैं।
पहले ही मिल गए थे संकेत
भाजपा की ओर से निष्कासन के बाद से ही शोभारानी का अन्य किसी पार्टी में शामिल होने की चर्चाएं थीं। पिछले साल अगस्त महीने में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से हुई मुलाक़ात के बाद से उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें लगाई जाने लगी थीं। उसके बाद कांग्रेस नेताओं से बढ़ती नज़दीकियों से भी उनके 'हाथ' का दामन थामने के संकेत मिलने लगे थे।
ऐसा रहा सियासी सफर
शोभारानी का भी सियासी सफर रोचक रहा है। उन पर समय-समय पर सीएम अशोक गहलोत और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, दोनों का वरदहस्त रहा है। गौरतलब है कि उनके पति बाबूलाल कुशवाह को हत्या से जुड़े एक मामले में जेल जाना पड़ गया था, जिसके बाद वर्ष 2017 के उपचुनाव में वे पहली बार विधायक बनी थीं। उसके बाद फिर 2018 में धौलपुर से भाजपा ने ही उन्हें टिकट दिया था, और वे चुनाव जीती थीं।
Published on:
21 Oct 2023 10:21 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
