18 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaipur Mayor Election: जयपुर में मेयर को लेकर आया नया अपेडट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने दिया बड़ा बयान

राजधानी जयपुर में मेयर पद को लेकर चल रही सियासी कवायद के बीच आज तस्वीर साफ होने की संभावना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि आज जयपुर मेयर प्रत्याशी का नाम फाइनल कर लिया जाएगा।
2 min read
Google source verification
Madan Rathore

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़। पत्रिका फाइल फोटो

जयपुर। राजधानी जयपुर में मेयर पद को लेकर चल रही सियासी कवायद के बीच आज तस्वीर साफ होने की संभावना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि आज जयपुर मेयर प्रत्याशी का नाम फाइनल कर लिया जाएगा। इसके लिए पार्टी की ओर से पार्षदों से रायशुमारी की जा रही है। राठौड़ ने कहा कि भाजपा में किसी तरह की डिक्टेटरशिप नहीं चलती और पार्षदों की राय के आधार पर मेयर पद के उम्मीदवार का चयन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भाजपा की ओर से शनिवार को जयपुर नगर निगम में मेयर प्रत्याशी का नामांकन दाखिल कराया जाएगा। मेयर पद के लिए पार्टी के स्तर पर मंथन और रायशुमारी का दौर जारी है। बता दें कि महापौर की रेस में सुनील कोठारी, पुनीत कर्णावट, शैलेन्द्र भार्गव, सुभाष सिंगी, विमल अग्रवाल, भवानी, अनुराधा माहेश्वरी और विजय अग्रवाल के नाम चर्चा में है।

भाजपा के सामने क्रॉस वोटिंग का खतरा नहीं

मेयर पद के लिए भाजपा किसे प्रत्याशी बनाती है, यह अहम होगा। पार्टी के सामने अब आधा दर्जन से अधिक दावेदारों के बीच सहमति बनाने की चुनौती है। अब सभी को साथ रखने पर जोर है। भाजपा का दावा है कि 50 प्रतिशत निर्दलीय संपर्क में हैं। ऐसे में बीजेपी के सामने क्रॉस वोटिंग का खतरा नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार नगर निगम में दल-बदल कानून लागू नहीं होने के कारण विपक्षी पार्षदों को अपने पाले में लाने की राह आसान रहती है।

भाजपा बहुमत के 76 के आंकड़े से महज दो सीट ऊपर

भाजपा के 78, कांग्रेस के 57 और 15 निर्दलीय पार्षद है। भाजपा बहुमत के 76 के आंकड़े से महज दो सीट ऊपर है, जबकि कांग्रेस और निर्दलीयों का संयुक्त संख्या बल 72 है। ऐसे में भाजपा के भीतर महापौर पद के दावेदारों को लेकर हलचल तेज हो गई है। दूसरी ओर वैश्य, ब्राह्मण और अग्रवाल समाज ने मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष से महापौर चयन में समाज को प्रतिनिधित्व देने की मांग की है।

जयपुर में 30 साल से ब्राह्मण समाज को कोई मेयर नहीं बना

अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेशाध्यक्ष एलटी शर्मा ने कहा कि राजस्थान में ब्राह्मण समाज की आबादी करीब 22 से 23 प्रतिशत है। इस बार राजधानी जयपुर में ब्राह्मण समाज ने बीजेपी को बढ़-चढ़कर वोट दिया है। ऐसे में भाजपा और संघ से मांग है कि किसी अनुभवी ब्राह्मण पार्षद को ही महापौर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पिछले 30 साल से जयपुर में ब्राह्मण समाज का कोई महापौर नहीं बना है।