18 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘तेरे भाई ने मेरी पत्नी को क्यों भगाया?’ भाई के मोहब्बत की सजा छोटे भाई को, जयपुर से अपहरण कर मारपीट

जयपुर में रेलवे परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक का 5-6 युवकों ने अपहरण कर लिया। आरोप है कि भाई द्वारा आरोपी की पत्नी को भगाने की बात पर सात घंटे तक कार में मारपीट की गई।
2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Arvind Rao

Sep 18, 2026

jaipur student kidnapped

जयपुर से युवक का अपहरण कर मारपीट (फोटो-एआई)

Jaipur Coaching Student Kidnapped: राजधानी जयपुर से एक कोचिंग छात्र के अपहरण और उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 5-6 युवक छात्र को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। करीब सात घंटे तक उसे बंधक बनाकर रखा और रास्ते में लाठी-डंडों से हमला किया। मारपीट में छात्र के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। आरोपियों ने करौली जिले में सड़क किनारे उसे छोड़ दिया और फरार हो गए। घटना को लेकर शिवदासपुरा थाना पुलिस ने पीड़ित के पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोचिंग जाने के दौरान घेरकर पकड़ा

ASI जय सिंह के मुताबिक, करौली के मामचारी निवासी मनोज (29) जयपुर के गोनेर रोड स्थित बैरवा कॉलोनी में किराए के कमरे में रहकर रेलवे परीक्षा की तैयारी कर रहा है। बुधवार सुबह करीब नौ बजे वह अपने कमरे से कोचिंग के लिए निकला था। महात्मा गांधी हॉस्पिटल के पीछे पहुंचने पर पहले से घात लगाकर बैठे 5-6 युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने मनोज का मोबाइल छीन लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद जबरन उसे कार में बैठा लिया गया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों में से एक युवक उससे लगातार उसके भाई के बारे में पूछताछ कर रहा था।

भाई पर आरोपी की पत्नी को भगाने का आरोप

पीड़ित ने पुलिस को दिए पर्चा बयान में बताया कि आरोपी उससे पूछ रहा था कि उसके भाई ने उसकी पत्नी को भगाकर क्यों ले गया। इसी बात को लेकर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। कार में ले जाते समय भी आरोपी उसके साथ मारपीट करते रहे।

पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने लाठी-डंडों से भी हमला किया, जिससे उसके हाथ-पैर में चोटें आईं और हाथ-पैर टूट गए। करीब सात घंटे तक अपने कब्जे में रखने के बाद आरोपी बुधवार दोपहर करीब चार बजे करौली के मासलपुर स्थित रामपुरा पावर हाउस के सामने सड़क किनारे उसे छोड़कर फरार हो गए।

घायल अवस्था में मिले मनोज को मासलपुर थाना पुलिस ने करौली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल, उसका इलाज चल रहा है। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने अस्पताल में दिए गए पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।