18 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

JAIPUR: पानी में डूबा स्कूल का रास्ता, गिर रहे बच्चे, JDA की टीम करेगी जांच, कलक्टर ने दिए निर्देश

कालवाड़ रोड ​पर वार्ड नंबर 26 स्थित मंगलम सिटी में बारिश के बाद बच्चों के सामने स्कूल जाने का संकट खड़ा हो गया है। गोविंद सरोवर से निवारू रोड की तरफ जाने वाला कच्चा रास्ता बारिश के पानी से लबालब हो गया है। रास्ते पर इतना पानी भर गया है कि बच्चों को किनारे से होकर गुजरना पड़ रहा है। ऐसे में बच्चे डरते और घबराते हुए स्कूल जा रहे हैं।
2 min read
Google source verification
PATRIKA PHOTO

PATRIKA PHOTO

जयपुर। कालवाड़ रोड ​पर वार्ड नंबर 26 स्थित मंगलम सिटी में बारिश के बाद बच्चों के सामने स्कूल जाने का संकट खड़ा हो गया है। गोविंद सरोवर से निवारू रोड की तरफ जाने वाला कच्चा रास्ता बारिश के पानी से लबालब हो गया है। रास्ते पर इतना पानी भर गया है कि बच्चों को किनारे से होकर गुजरना पड़ रहा है। कई जगह रास्ता बेहद संकरा और फिसलन भरा हो गया है। ऐसे में बच्चे डरते और घबराते हुए स्कूल जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार रास्ते से रोजाना कई बच्चे स्कूल आते-जाते हैं। बारिश के बाद मुख्य रास्ते पर पानी भर जाता है। इसके बाद बच्चों को रास्ते के किनारे से होकर निकलना पड़ता है। कई जगह पैर रखने तक की जगह मुश्किल से बचती है। अभिभावकों को हर समय डर रहता है कि कहीं बच्चा फिसलकर पानी में न गिर जाए।

कई बार गंदे पानी में गिर चुके हैं छोटे बच्चे

परिजनों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। कई बार छोटे बच्चे संतुलन बिगड़ने से गंदे पानी में गिर जाते हैं। इससे उनके कपड़े खराब होने के साथ चोट भी लग जाती है। अभिभावकों को बच्चों को स्कूल भेजने के बाद उनकी सुरक्षित वापसी की चिंता रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रास्ते की समस्या को लेकर पहले भी कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है। बारिश होते ही समस्या फिर सामने आ जाती है। लोगों का कहना है कि रास्ते को दुरुस्त करने और पानी की निकासी की व्यवस्था करने की जरूरत है।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिजन चिंतित

अभिभावकों का कहना है कि बच्चों के लिए यह रास्ता रोजमर्रा की मजबूरी बन गया है। पानी भरे रास्ते से होकर गुजरते समय बच्चों को संभलकर चलना पड़ता है। छोटे बच्चों के साथ अभिभावक भी कई बार जाते हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते रास्ता ठीक नहीं किया गया तो हादसा हो सकता है।

कलक्टर ने कहा- जेडीए को अवगत कराया

कलक्टर संदेश नायक ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। इस संबंध में जेडीए के अधिकारियों को अवगत कराया है। जल्द ही इस समस्या पर ध्यान दिया जाएगा। वहीं जेडीए के डीसी दिनेश शर्मा ने कहा कि मौके पर टीम भेजी जा रही है। अभी पंपो से पानी निकाला जाएगा। मौके पर टीम स्थिति का अवलोकन करेगी। इसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।