बामोरीकलां/बारां. जिले के मांगरोल थाना क्षेत्र के बमोरीकलां गांव में सोमवार सुबह करीब 11.30 बजे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बालक की मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने कस्बे के बाजार बंद करा दिए। नया बाजार तथा पुलिस चौकी इलाके में चार घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस की मोटरसाइकिल व ट्रैक्टर को आग लगाकर फूंक दिया। पथराव में पुलिस जीप का शीशा चटक गया। ग्रामीणों द्वारा किए गए पथराव में बारां के सदर थानाप्रभारी सीआइ रामभरोसी मीना व मांगरोल के द्वितीय थाना अधिकारी रामस्वरूप मीणा के सिर में चोटें लगी हैं, जबकि चार अन्य पुलिसकर्मी भी पथराव से जख्मी हुए हैं।
ग्रामीणों ने कई स्थानों पर टायर जलाकर आक्रोश व्यक्त किया। दोपहर में पूरा गांव पुलिस लाइन, सीसवाली व सदर थाना बारां से छह दर्जन से अधिक पुलिस जवान तैनात करने से छावनी में तब्दील हो गया। बारां से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार व बारां के पुलिस उपाधीक्षक सुरेन्द्र दानोदिया सूचना पर मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर प्रदर्शन बंद करवाया।