जयपुर। चक्रवाती तूफान ओखी सुस्त पड़ने के साथ ही प्रदेश में बादलों की आवाजाही अब थमने लगी है। छितराए बादलों की आवाजाही के साथ अब प्रदेश के पूर्वोत्तर इलाकों में कोहरे का पहरा शुरू हो गया है। ज्यादातर इलाकों में रात के तापमान में आंशिक कमी आई वहीं बीती रात बादलों की आवाजाही के साथ ही पुरवाई हवा में गलन और ठिठुरन से पूरा प्रदेश ठिठुरता रहा। राजधानी के बाहरी हिस्सों में कोहरे का असर आज सुबह नजर आया। दो दिन बाद आज सुबह सूर्यदेव के दर्शन थोड़ी देर हुए लेकिन फिर से आसमान में बादलों का जमावड़ा शुरू होते ही धूप गायब हो गई और सर्दी के तेवर तीखे हो गए। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में अगले दो तीन दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है वहीं दिन के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी भी दर्ज हो सकती है। हालांकि रात में धुंध का असर बढ़ने पर सर्दी के तेवर फिलहाल तीखे बने रहेंगे।