जयपुर . समर वैकेशंस में बच्चों में क्रिएटिविटी डवलप करने के लिए जवाहर कला केंद्र (जेकेके) का जूनियर समर प्रोग्राम 15 मई से 30 जून तक आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत कई कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जो बच्चों को संगीत, नृत्य, स्टोरीटेलिंग, फिल्म मेकिंग, प्रिंटमेकिंग और थिएटर की बारीकियां सिखाने पर केंद्रित होंगी। ये कार्यशालाएं बच्चों के लिए मजेदार होने के साथ-साथ विशेषज्ञों से सीखने पर फोकस होंगी। खास बात यह है कि जेकेके की ओर से इस मर्तबा बच्चों और युवाओं के लिए कुछ नई कार्यशालाएं शुरू की गई हैं।
फिल्ममेकिंग की जानेंगे बारीकियां
11 से 16 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई), पुणे द्वारा फिल्म ओरिएंटेशन में सर्टिफिकेट कोर्स शुरू होगा। इस 10 दिवसीय कोर्स में फिल्म बनाने एवं फोटोग्राफी की आधारभूत तकनीक का परिचय, सिद्धांत, इतिहास एवं उपयोग के बारे में जानकारी दी जाएगी। कोर्स के तहत प्रतिभागियों को बेसिक स्क्रिप्ट राइटिंग, बेसिक कैमरा आॅपरेशन, सिनेमाई भाषा के आधारभूत तत्व, एडिटिंग एवं पोस्ट प्रोडक्शन के सिद्धांत, प्रॉपर आर्काइव एवं तकनीकों के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा।