विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने शिक्षा विभाग के बिडला ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में कहा कि वर्तमान में शिक्षित बेरोजगार देश की सबसे बड़ी समस्या हैं। उन्होंने कहा कि देश के युवा शिक्षित हैं, तो बेरोजगार नहीं होना चाहिए। उन्होंने शिक्षा पद्धति पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि शिक्षित बेरोजगारी का सबसे बड़ा कारण वर्तमान में जो शिक्षा दी जा रही है, वह रोजगार से संबंधित नहीं है। विधानसभा में चतुर्थ श्रेणी की नौकरी पाने के लिए पीएचडी धारकों ने आवेदन किया है। यह स्थिति राष्ट्रहित के लिए चिंतादायक है।