Dholpur Chambal River: धौलपुर/जयपुर। कोटा बैराज व सहायक नदियों से लगातार आ रहे पानी के कारण चंबल नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। धौलपुर में चंबल का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। चंबल नदी पर बना पुराना पुल भी पानी में डूब चुका है। बुधवार सुबह चंबल का जलस्तर 142.20 मीटर रेकॉर्ड किया गया। यह खतरे के निशान से करीब 12 मीटर ऊपर है। दर्जनों गांव का संपर्क कट गया है। चंबल के बढ़ते हुए जलस्तर को देखते हुए एसडीआरएफ और सेना तैनात कर रखी है। सरमथुरा, धौलपुर और राजाखेड़ा क्षेत्र के करीब 80 गांवों में बाढ़ का संकट गहरा गया है। जिला कलक्टर ने बताया कि चंबल नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण जिन इलाकों में सम्पर्क मार्ग अवरुद्द हो गया है, वहीं समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों में 27 अगस्त तक अवकाश घोषित किया गया है।