4 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दिवाली पर राहत की बिजली, अगर ऐसा हुआ तो बिजली के नहीं देने होंगे अतिरिक्त पैसे, जमकर होगी सजावट

https://www.patrika.com/rajasthan-news/  
2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Deepshikha

Oct 25, 2018

Jaipur Diwali market

दिवाली पर राहत की बिजली, अगर ऐसा हुआ तो बिजली के नहीं देने होंगे अतिरिक्त पैसे, जमकर होगी सजावट

जयपुर. दिवाली पर बाजारों में सामूहिक सजावट करने के लिए व्यापारियों को सामान्य दर पर बिजली देने की कवायद शुरू हो गई है। व्यापार मंडल की ओर से जयपुर डिस्कॉम को प्रस्ताव दिया गया, जिसे सरकार ने निर्वाचन विभाग के पास अनुमति के लिए भेज दिया है। इसके तहत सामूहिक सजावट करने पर व्यापारियों से अघरेलू श्रेणी की सामान्य दर ही ली जाएगी। यह 8.80 रुपए प्रति यूनिट (500 यूनिट से ज्यादा उपभोग करने पर) है। इसके अलावा 105 रुपए प्रति किलोवॉट फिक्स चार्ज है। जबकि छूट नहीं मिलने की स्थिति में सामान्य दर की डेढ़ गुना राशि देनी होगी। बताया जा रहा है कि इस बार 100 से ज्यादा बाजार, मॉल्स में सामूहिक सजावट होगी। इसी आधार पर जयपुर डिस्कॉम के पास सामान्य दर पर बिजली मुहैया कराने का पत्र पहुंचा है।

पांच दिन के लिए होगी छूट
सामान्य तौर पर व्यापार मंडल धनतेरस से एक दिन पहले से और दिवाली के दूसरे दिन तक सामूहिक सजावट करते आ रहे हैं। ऐसे में करीब 5 दिन सजावट में उपयोग में आने वाली बिजली की दर में छूट मिलेगी। इसके लिए आवेदन भी व्यापार मंडल स्तर पर ही करना होगा। व्यक्तिगत रूप से आवेदन को डिस्कॉम स्वीकार नहीं करेगा।

बकाया वसूली स्थगित, नहीं कटेंगे कनेक्शन
जयपुर डिस्कॉम दिवाली के त्यौहार को देखते हुए फिलहाल बकाया वसूली अभियान नहीं चलाएगा। इसके साथ ही कनेक्शन काटने की प्रक्रिया पर भी ब्रेक लग जाएंगे। डिस्कॉम नहीं चाहता कि त्यौहार पर किसी उपभोक्ता के घर में अंधेरा नहीं हो। हालांकि कनेक्शन काटने संबंधी यह निर्देश मौखिक है।

फैक्ट फाइल
72 बाजार-मॉल्स में पिछले वर्ष हुई थी सजावट
8.80 रुपए प्रति यूनिट देने होंगे सामान्य दर पर
13.20 रुपए प्रति यूनिट दर छूट नहीं मिलने पर देनी होगी
133 लाख यूनिट हर दिन बिजली खपत शहर में

व्यापार संघ का सामान्य दर पर बिजली मुहैया कराने का प्रस्ताव सरकार को भेज दिया है। निर्वाचन विभाग स्तर पर अनुमति मिलेगी। ऊर्जा विभाग संपर्क में है।
जे.के. मिश्रा, अधिशासी अभियंता, जयपुर डिस्कॉम


सरकार को अलग से व्यवस्था कर देनी चाहिए कि जिन त्यौहारों पर दर में रियायत दी जाती है, वह स्वत: ही लागू हो जाए।
सुरेश सैनी, अध्यक्ष, ऑल राजस्थान दुकान महासंघ


हमेशा से बिजली दर में रियायत मिलती रही है। डिस्कॉम को महासंघ की ओर से प्रस्ताव दिया है। पर्यटन और त्यौहार दोनों दृष्टि से यह जरूरी है।
सुभाष गोयल, अध्यक्ष, जयपुर व्यापार महासंघ