जयपुर।
प्रदेश कांग्रेस के राज्य में 40 लाख से अधिक सदस्य बनाने का दावा किया है। कहा जा रहा है कि यह सदस्य अब तक चले पार्टी के अभियानों में सबसे ज्यादा हैं। पिछली बार 25 लाख से अधिक सदस्य बनना बताया जा रहा है। लेकिन इस सदस्यता अभियान के आंकड़े जारी होने के बाद कम सदस्य बनाने वालों की पैंरों तले जमीन खिसकती नजर आ रही है। वजह है कि पहले सदस्यता अभियान के विधानसभा वार आंकड़े पार्टी की ओर से जारी नहीं किए जाते थे। पार्टी ने डिजिटल के साथ ऑफलाइन भी सदस्यता कराई थी। डिजिटल सदस्यता में प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट पर भारी पड़े हैं। पार्टी की ओर से पहले सौ विधानसभा क्षेत्रों की जारी की गई रैकिंग में डोटासरा का विधानसभा क्षेत्र लक्ष्मणगढ़ 7वें, गहलोत का सरदारपुरा 11वें और पायलट का टोंक विधानसभा क्षेत्र 59वें नंबर पर रहा है।
फलौदी पहले नंबर पर
दो सौं विधानसभा क्षेत्रों में पहले तीन में फलौदी, चित्तौड़गढ़ और बस्सी विधानसभा क्षेत्र रहे हैं। फलौदी सर्वाधिक 58197 सदस्य बनाने के साथ पहले पायदान पर रहा है। वहीं चित्तौड़गढ़ में 55274 और बस्सी में 49873 सदस्य बने हैं।
मंत्रियों में जूली नंबर एक
प्रदेश के मंत्रियों में कैबिनेट मंत्री टीकाराम जूली पहले नंबर पर रहे हैं। जूली का विधानसभा क्षेत्र अलवर ग्रामीण 45389 डिजिटल सदस्य बनाकर रैकिंग में चौथे पायदान पर रहा है।
कुछ विधानसभा में 200 भी सदस्य नहीं बने
प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने पहले सौ विधानसभा क्षेत्रों के डिजिटल सदस्य बनाए जाने की तो सूची जारी की है। लेकिन उसके बाद कम सदस्य बनाने वाले शेष सौ विधानसभा क्षेत्रों की सूची जारी नहीं की गई है। सूत्रों के मुताबिक इनमें कुछ विधानसभा क्षेत्र तो एेसे हैं, जहां 200 भी सदस्य नहीं बने हैं।