
अंजीर भी सेहत संवारता है
पाचन में फायदा
अंजीर पाचन तंत्र को मजबूती देता है। पाचन तंत्र को बेहतर करने और कब्ज को मिटाने के लिए फाइबर की जरूरत होती है। अंजीर में पर्याप्त मात्रा में डाइटरी फाइबर पाया जाता है। अंजीर में फाइबर के कारण दस्त भी ठीक होते हैं। मजबूत पाचन तंत्र के लिए दो-तीन अंजीर को रातभर के लिए पानी में भिगोकर रख दें और सुबह ऐसे ही या फिर शहद के साथ खाएं।
हड्डियों को मजबूती
अंजीर में कैल्शियम भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है। इसलिए हड्डियों की कमजोरी दूर करने के लिए अंजीर खाना फायदेमंद होता है। अंजीर से हड्डियों से जुड़ी समस्याएं जिसमें ऑस्टियोपोरोसिस सबसे ऊपर होती है, से बचा जा सकता है। अंजीर में फास्फोरस भी अधिक होता है। कैल्शियम व फास्फोरस का मिश्रण हड्डियों को मजबूती देता है।
स्वस्थ हृदय
अंजीर खाने से रक्त में ट्राइग्लिसराइड की मात्रा कम होती है। शरीर में फ्री रेडिकल्स की उत्पत्ति होने पर हृदय से जुड़ी बीमारियां जन्म लेने लगती हैं। अंजीर में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट गुण फ्री रेडिकल्स को खत्म करते हंै। अंजीर में फेनोल्स, ओमेगा-3 और ओमेगा-6 फैटी एसिड गुण भी होते हैं, जो हृदय को स्वस्थ रखने में सहायक होते हैं।
उच्च रक्तचाप में लाभ
अंजीर उच्च रक्तचाप में भी फायदा पहुंचाता है। अंजीर में पोटेशियम पर्याप्त मात्रा में होता है। इसमें सोडियम की मात्रा बहुत कम होती है जो कि उच्च रक्तचाप को कम करने के लिए सहायक होती है। इन खूबियों के कारण अंजीर खाने पर उच्च रक्तचाप से पीडि़त लोगों को फायदा हासिल होता है।
कम वजन
अंजीर में फाइबर की मात्रा अधिक होती है और कैलोरी कम होती है। इससे अंजीर खाने से भूख कम लगती है और हम अधिक भोजन करने से बच जाते हैं। अंजीर से शरीर में मेटाबॉलिज्म का स्तर बेहतर होता है और शरीर में जमा अतिरिक्त वसा कम होती है। अंजीर में फिसिन नामक एंजाइम भी होता है, जो भोजन को पचाने में मदद करता है।
कमजोरी होगी दूर
शारीरिक दुर्बलता को दूर करने के लिए ताजा अंजीर भी फायदेमंद होते हैं। सूखे अंजीर दूध के साथ खाने से भी शारीरिक कमजोरी दूर होती है। अंजीर के सेवन से एनीमिया से बचा जा सकता है। अंजीर में कैल्शियम और आयरन की मात्रा उच्च होती है। खून की कमी से बचने के लिए अंजीर खाने चाहिए।
डायबिटीज में लाभ
अंजीर फल ही नहीं बल्कि उसके पत्ते भी हमारे स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होते हैं। अंजीर के पत्तों में ऐसे कई गुणकारी तत्व होते हैं, जो रक्त में ग्लूकोज के स्तर को नियंत्रित करने में मददगार होते हैं। एक अध्ययन में इस बात की पुष्टि हुई है कि अंजीर के पत्तों का इस्तेमाल करने से ये डायबिटीज से लडऩे में हमारे लिए मददगाार साबित होते हैं।
मिलती है ऊर्जा
अंजीर खाने से ऊर्जा का स्तर बढता है। अंजीर में कार्बोहाइड्रेट और शुगर होती है, जो शरीर में ऊर्जा को कई गुना बढ़ा देते हैं। दिनभर की भागदौड़ के लिए शरीर को ऊर्जा की जरूरत होती है। इस ऊर्जा को कायम रखने के लिए भोजन के साथ अपनी डाइट में अंजीर को भी शामिल करना चाहिए।
Published on:
30 Aug 2019 12:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
