
मुख्यमंत्री को ऊर्जा मंत्री ने सौंपा एक करोड़ 11 लाख का चैक
जयपुर। कोरोना वायरस कोविड 19 से लड़ने की मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सहयोग की अपील करने बाद लगातार लोग आगे आ रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से ऊर्जा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात कर उनको राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम एवं उसकी सहयोगी राजस्थान सोलर पार्क डवलपमेंट कंपनी की ओर से एक करोड़ 11 लाख रुपए की राशि का चैक मुख्यमंत्री सहायता कोष (कोविड-19 राहत कोष) में भेंट किया।
जलदाय एवं ऊर्जा मंत्री डॉ. कल्ला ने बताया कि कोरोना वायरस की वैश्विक महामारी की रोकथाम व बचाव और इससे उत्पन्न स्थितियों से प्रभावित गरीब, कमजोर एवं मजदूर वर्ग के लोगों को राहत देने के लिए राज्य सरकार की मुहिम और इसके लिए गठित मुख्यमंत्री सहायता कोष में योगदान देने के लिए सभी वर्गों के लोग बढ़-चढ़कर अपना योगदान देने के लिए आगे आ रहे हैं। उनको जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से संबंधित ड्रिलिंग एवं हैंडपंप अभियांत्रिक संघ और राजस्थान पीएचईडी तकनीकी कर्मचारी संघ की ओर से भी कार्मिकों के एक दिन का वेतन सहायता कोष में देने का पत्र सौंपा गया है।
डॉ. कल्ला ने सभी वर्गों के लोगों से सहायता कोष में योगदान के साथ ही लॉकडाउन के कारण अपने आसपास के क्षेत्रों में दिहाड़ी मजदूरों सहित वंचित वर्ग के ऐसे लोगों की सहायता के लिए मदद का हाथ आगे बढ़ाने की अपील की है। इस मौके पर ऊर्जा विभाग के प्रमुख शासन सचिव अजिताभ शर्मा और राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक अनिल गुप्ता भी मौजूद रहे।
Published on:
01 Apr 2020 05:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
