स्थानीय मंडियों में नया मक्का आना शुरू हो गया है, जिससे इसके दामों मे भी धीरे-धीरे गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है। आवक जोर पकड़ने पर दाम और घट सकते हैं। बारिश के कारण मक्के की नई आवक में 10 से 15 दिन की देरी हुई है। हालांकि व्यापारियों के अनुसार बारिश से उत्पादन पर खास फर्क नहीं पड़ने वाला है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक इस खरीफ सीजन में 231 लाख टन मक्का उत्पादन होने का अनुमान है, जो पिछले सीजन के उत्पादन 226 लाख टन से ज्यादा है। मक्का कारोबारियों का कहना है कि उत्पादक राज्यों की मंडियों में नये मक्के की आवक शुरू हो चुकी है, जिससे इसके दाम भी धीरे-धीरे सुस्त पड़ने लगे हैं। सप्ताह भर में मक्के के दाम 50-70 रुपए घटकर 2200 से 2400 रुपए प्रति क्विंटल रह गए हैं।