
जयपुर। जयपुर के पास जमवारामगढ़ उपखंड स्थित दीपोला गांव में नशे के आदी पिता ने पारिवारिक कलह के चलते अपने 18 माह के मासूम बच्चे की हत्या कर शव को खुले बोरवेल में फेंक दिया। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी कुछ दिन से मायके गई हुई थी। बच्चा किसी बीमारी से भी पीड़ित था, जिसे लेकर घर में तनाव चल रहा था। ऐसे में पिता ने बेटे को मार डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित पिता को डिटेन कर बोरवेल में बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू टीमों को बुलाया। देर शाम तक रेस्क्यू जारी रहा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ललित सैनी नशे का आदी है। ललित ने डेढ़ वर्ष के मासूम बेटे राम की हत्या करके बोरवेल में सफेद कपड़ा लपेटकर डाल दिया। बाद में बोरवेल में ऊपर से मिट्टी व घासफूस डाल दी। आरोपित ने पुलिस को गुमराह किया तथा बताया कि बेटे को बहन व भाई के पास छोड़ दिया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो ललित ने हत्या करके मासूम को बोरवेल में फेंकने की बात बताई।
ललित नशे में अपनी पत्नी मंजू से मारपीट करता था। गत दिनों मामला इतना बढ़ गया था कि पडौसियों ने उसे बचाया था। दूसरे दिन पीहर पक्ष के लोग आए और मंजू को घर ले गए। तब से वह मायके में ही है। दीपोला में बच्चा पिता के पास ही था। ललित के परिजन ने ही डेढ़ वर्षीय राम की मौत की सूचना मंजू को दी थी। मंजू और उसके घरवालों ने हत्या की आशंका जताते हुए इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी।
एसडीआरएफ टीम के हैड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चा 90 फीट पर अटका हुआ है। कैमरे में बच्चे का हाथ नजर आ रहा है। सिविल डिफेंस टीम भी मासूम बच्चे को बाहर निकालने के ऑपरेशन में जुटी हुई है।
Updated on:
24 Jul 2025, 7:42 PM IST
Published on:
24 Jul 2025, 2:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.