
पद्मावती फिल्म का विरोध हुआ तेज, आज होंगे प्रदेशभर में प्रदर्शन — शर्ते पूरी करने का करणी सेना को है इंतजार
संजय लीला भंसाली की विवादित फिल्म पद्मावती का विरोध राजस्थान में तेज होता ही जा रहा है। जैसे जैसे संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती की रिलीज होने की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे ही इस फिल्म का विरोध भी तेज होता जा रहा है। राजस्थान में फिल्म के विरोध में उठी आवाज अब दूसरे राज्यों में गूंजने लगी है। राजपूत समाज सहित विभिन्न हिन्दू संगठनों ने फिल्म को रिलीज नहीं करने की चेतावनी दी है। वहीं फिल्म के बढ़ते विरोध के चलते फिल्म वितरक भी चिंतित है।
यहीं नहीं पूर्व रियासतों के राजघरानों का विरोध भी तेज हो गया हैं। मेवाड़ के साथ अब जयपुर व चौमू राज घराने ने भी फिल्म को रिलीज करने का कड़ा विरोध किया है। वहीं करणी सेना के अध्यक्ष लोकेन्द्रसिंह कालवी ने कहा कि हमें संजय लीला भंसाली की बातों पर भरोसा नहीं है। क्योंकि पहले भी बाजीराव मस्तानी, रामलीला में इसने धोखा दिया था। इसलिए जब तक पूर्व में हुए समझौते की तीनों शर्तों को पूरा नहीं किया जाता तब तक फिल्म को रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए हमारी संस्था के लोग हाई कोर्ट में स्टे के लिए रिट दायर करेंगे। फिल्म एक दिसम्बर को रिलीज होने वाली है, अभी समय है, फिल्म रिजील होने के एक सप्ताह पहले इस बारे में निर्णय करेंगे।
बजरंग दल का प्रदर्शन -
आज विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल की ओर से प्रदेश भर के जिला मुख्यालयों व उपखंडों पर धरना प्रदर्शन कर कलेक्टरों को ज्ञापन देंगे। जयपुर में आज सुबह 11.30 बजे कलेक्ट्री सर्किल पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने फिल्म के विरोध में प्रदर्शन किया और भंसाली का पुतला दहन कर कलेक्टर को ज्ञापन देंगे। वही क्षत्राणियां राजपूत सभा भवन में एकत्र होकर विरोध की रणनीति बनाएंगी।
Published on:
10 Nov 2017 11:51 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
