
बुरी नीयत से चार साल की मासूम को अगवा कर ले गया था, दस दिन बाद पकड़ा गया
जयपुर
झोटवाड़ा थाना पुलिस ने चार साल की मासूम बुरी नीयत से अगवा करने वाले आरोपी को आखिरकार मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि आरोपी बालिका के साथ कुछ गलत हरकत नहीं कर पाया था। मनोहरपुर स्थित उसके घर से बालिका बाहर निकल गई थी, जिसके बाद उसके किसी को मिलने की आशंका और अपनी करतूत सामने आने के डर से आरोपी वहां से भाग गया था। घटना के चार दिन बाद बच्ची को मनोहरपुर में लावारिस घूमते देख किसी ने उसे पुलिस को सौंप दिया। सीडब्ल्यूसी में आने के बाद बालिका को परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोनू उर्फ लादेन है। 13 अक्टूबर को झोटवाड़ा इलाके में घर के बाहर खेल रही मासूम बालिका के लापता होने पर तलाश किया तो आरोपी के सीसीटीवी फुटेज तो मिले, लेकिन उसके बारे में किसी को जानकारी नहीं थी। पुलिस ने कई फैक्ट्रियों में जाकर उसके बारे में जानकारी जुटाई तो उसके मनोहरपुर इलाके में होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
बालिका बाहर निकली तो छोड़ भागा
पुलिस की माने तो बुरी नीयत से आरोपी बालिका का अपहरण कर मनोहरपुर इलाके के एक खंडहरनुमा मकान में ले गया था। यहां से आरोपी के कुछ देर के लिए बाहर जाने पर बच्ची घर से बाहर निकल गई थी। बालिका को बाहर देखकर आरोपी पुलिस के डर के मारे फरार हो गया था।