
गजेन्द्र बोले इन्द्रदेव से है मेरा कनेक्शन, उन्होंने देखा पहली बार मिली है बड़ी जिम्मेदारी, इसलिए जमकर बरसूं
शादाब अहमद / जयपुर। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ( Gajendra Singh Shekhawat ) ने देश-प्रदेश में हुई अच्छी बारिश का कनेक्शन खुद से बताया। शेखावत से पूछा गया कि भाजपा हमेशा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ( CM Ashok Gehlot ) और अकाल को जोड़ती रही है, लेकिन इस बार बारिश अच्छी हो गई। इस पर शेखावत ने मुख्यमंत्री गहलोत पर कुछ नहीं कहा, बल्कि अच्छी बारिश से खुद को जोड़ते हुए कहा कि इसके लिए वह खुद को खुशनसीब समझते हैं और भगवान को बहुत धन्यवाद भी दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, मुझे लगता है पश्चिमी राजस्थान जैसलमेर-जोधपुर का प्रतिनिधि होने के नाते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ( PM Narendra Modi ) ने मुझे जल से जुड़ा मंत्रालय देने का अवसर दिया। भगवान ने पश्चिमी राजस्थान के व्यक्ति की तरफ देखा कि इसको पहली बार ऐसी जिम्मेदारी मिली है। इसके चलते अच्छी बारिश हुई। उन्होंने कहा कि इन्द्र देव की कृपा राजस्थान ही नहीं, पूरे देश पर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के सौ दिन के कार्यकाल पूरे होने के अवसर पर शेखावत ने यह बातें सोमवार को एक होटल में पत्रकार वार्ता में कहीं।
सीबीआई का दुरुपयोग हुआ तो फिर देश की किसी भी कोर्ट से उन्हें राहत क्यों नहीं मिली
मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सीबीआई समेत अन्य एजेन्सियों के दुरुपयोग के आरोप लगाने पर कांग्रेस को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि जब सीबीआई का दुरुपयोग हो रहा है तो फिर आरोपियों को देश की किसी कोर्ट से राहत क्यों नहीं मिल रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को इसका जवाब देना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई में सरकार और तेजी लाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आरोप लगा रही है कि सीबीआई या एजेन्सी का दुरुपयोग किया जा रहा है। जबकि जिन लोगों के खिलाफ मुकदमें दर्ज हुए और उनकी गिरफ्तारी हुई है। यदि सीबीआई गलत होती तो सुप्रीम कोर्ट से उनको राहत क्यों नहीं मिली, इसका जवाब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस किसी ने देश की जनता के पैसे को लूटा है, ऐसे एक भी भ्रष्टाचारी को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले समय में सरकार की इस कार्रवाई में और तेजी आएगी।
Updated on:
9 Sep 2019, 7:32 PM IST
Published on:
9 Sep 2019, 7:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.