Jaipur Airport Gold Smuggling: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोना तस्करी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे है। कस्टम विभाग की टीम ने गुरुवार को दो अलग—अलग मामलों में जयपुर एयरपोर्ट पर करीब 4079.2 ग्राम तस्करी का सोना पकड़ा है। तस्करी के सोने की कीमत करीब 2.9 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पकड़े गए दोनों तस्कर दुबई से सोना लेकर जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। कस्टम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पहला तस्कर बुधवार को दुबई से सोना लेकर जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचा था, जहां पर कस्टम विभाग की टीम ने तलाशी के दौरान पकड़ा है। कस्टम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बुधवार देर रात एक यात्री दुबई से फ्लाइट में बैठकर जयपुर एयरपोर्ट पहुंचा था। संदिग्ध लगने पर यात्री को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। एक्सरे मशीन से यात्री की जांच की गई। पूछताछ करने पर यात्री संतोषपूर्वक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद कस्टम विभाग की टीम ने यात्री के सामान की सघनता से जांच की है। कस्टम विभाग के अधिकारियों ने जांच की तो यात्री ने सोना एक सबवूफर स्पीकर में छुपाया हुआ था। यात्री से पूछताछ की जा रही है।