जेडीए के बुलडोजर चलने और निर्माण ढहने से इलाके में धूल के गुबार छाए रहे। सपनों को धराशायी होते देख व्यापारी-परिजनों के आंसू छलकते रहे। परिजन मलबे से चुन-चुनकर सामान निकालते रहे ताकि जो बच जाए उसे संभाल लिया जाए। महिलाएं रो-रोकर अपना दुख पुलिसकर्मियों व वहां आने वाले जन प्रतिनिधियों को सुनाती रहीं। सन्नाटे के बीच बुलडोजर और वाइब्रेटर की आवाजें ही गंजती रहीं। मायूस दुकानदार व परिजन यह उम्मीद भी जताते रहे कि कैसे भी उनका आशियाना बच जाए।